नयी दिल्ली : अल नीनो मजबूत होने से हिंदूकुश हिमालय क्षेत्र में सामान्य से ज्यादा बारिश हो सकती है। इससे सर्दियों में भारत और नेपाल में बाढ़ आ सकती है। नेपाल में भूस्खलन और हिमस्खलन का खतरा भी बढ़ सकता है।
अल नीनो मजबूत से बहुत मजबूत स्थिति में
‘हिंदूकुश हिमालय विंटर आउटलुक 2026’ के अनुसार नेपाल के अलावा अफगानिस्तान और बांग्लादेश में भी इसका असर रहेगा। यहां बारिश और ठंड ज्यादा होने का अनुमान है। अमेरिका की नेशनल ओशनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन (NOAA) के अनुसार अल नीनो मजबूत से बहुत मजबूत स्थिति में है। इसके 1950 में रिकॉर्ड शुरू होने के बाद सबसे मजबूत बनने की संभावना करीब 60 फीसदी है। यह रिपोर्ट काठमांडू स्थित इंटरनेशनल सेंटर फॉर इंटीग्रेटेड माउंटेन डेवलपमेंट (ICIMOD), बीजिंग नॉर्मल यूनिवर्सिटी और चाइनीज एकेडमी ऑफ साइंसेज के इंस्टिट्यूट ऑफ एटमॉस्फेरिक फिजिक्स ने मिलकर तैयार की है।
ज्यादा बारिश, बर्फबारी, सूखा और जंगलों में आग का खतरा
ICIMOD के विज्ञानियों ने कहा कि अल नीनो से हिमालय की तलहटी में ज्यादा बारिश हो सकती है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी बढ़ सकती है। क्षेत्र के कुछ हिस्सों में सूखे का दौर आ सकता है। इससे जंगलों में आग लगने का खतरा भी बढ़ेगा। यह अनुमान नेपाल और भूटान में बेहद नुकसानदायक मानसून के बाद आया है। इस दौरान ऊंचे पहाड़ों के ग्लेशियरों और पर्माफ्रॉस्ट में बदलाव से जुड़ी आपदाएं हुई थीं। अगस्त में नेपाल में आयी विनाशकारी भोटेकोशी बाढ़ से करीब 1,500 लोगों की मौत हुई थी और 5,000 से ज्यादा लोग लापता हुए थे। रिपोर्ट में अफगानिस्तान, पाकिस्तान, उत्तर भारत और नेपाल के कुछ हिस्सों में सामान्य से ज्यादा गहरी बर्फ जमने का अनुमान है। भूटान और चीन के पूर्वी शिजांग के कुछ हिस्सों में बर्फ की परत सामान्य से कम गहरी रह सकती है।
सुपर अल नीनो का अलर्ट, 4.51 लाख अतिरिक्त मौतों की आशंका
8 अक्टूबर को आयी शिकागो यूनिवर्सिटी के क्लाइमेट इम्पैक्ट लैब के शोधकर्ताओं की रिपोर्ट में कहा गया था कि दुनिया इस समय बेहद ताकतवर अल नीनो का सामना कर रही है। प्रशांत महासागर के मध्य और पूर्वी हिस्से में समुद्र का तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री सल्सियस ज्यादा हो गया है। यह 1950 के बाद का सबसे खतरनाक अल नीनो बताया जा रहा है। मौसम विशेषज्ञ इसे ‘सुपर-डुपर अल नीनो’ कह रहे हैं। इससे दुनिया के कई हिस्सों में ज्यादा गर्मी, सूखा या भारी बारिश हो सकती है। शोधकर्ताओं के अनुसार इस अल नीनो से जून 2026 से फरवरी 2027 के बीच दुनियाभर में करीब 4.51 लाख अतिरिक्त मौतें हो सकती हैं।
दिसंबर में पीक पर रहेगा अल नीनो
अल नीनो इस साल दिसंबर में अपने चरम पर पहुंच सकता है। इसके असर से आने वाले महीनों में दुनिया के बड़े हिस्से में सामान्य से ज्यादा तापमान रहने की आशंका है। विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) ने बारिश का पैटर्न बदलने से कई इलाकों में सूखा और बाढ़ का खतरा बढ़ने की चेतावनी दी है। अक्टूबर से दिसंबर के बीच इसका असर उत्तरी गोलार्द्ध में 2027 के वसंत तक बना रह सकता है। संगठन ने फरवरी 2027 तक इसके जारी रहने की करीब 100 फीसदी संभावना जताई है।
भारत में कम बारिश, सूखे का भी खतरा
अल नीनो का असर भारत में भी दिखाई दे रहा है। इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य से 13 फीसदी कम बारिश के साथ खत्म हुआ। यह 2001 के बाद भारत का चौथा सबसे सूखा मानसून रहा। अल नीनो से तापमान बढ़ने का असर यूरोप में भी दिखा। फ्रांस, स्पेन और ब्रिटेन में इस साल कई जगह रिकॉर्ड गर्मी पड़ी। कम बारिश से डेन्यूब, राइन और टेम्स जैसी प्रमुख नदियों का जलस्तर भी काफी नीचे चला गया।