बर्नाड लिंच एवं जगन्नाथ चट्टोपाध्याय 
टॉप न्यूज़

बंगाल में ऑस्ट्रेलियाई विश्वविद्यालय लाने की कवायद तेज

विकास भवन में उच्च शिक्षा मंत्री से मिले ऑस्ट्रेलियाई कौंसुल

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में जल्द ही ऑस्ट्रेलियाई विश्वविद्यालयों के परिसर (कैंपस) खोलने की दिशा में पहल हो सकती है। राज्य सरकार उच्च शिक्षा के क्षेत्र में ऑस्ट्रेलिया के साथ सहयोग बढ़ाने पर जोर दे रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया के कौंसुल जनरल बर्नाड लिंच ने विकास भवन में उच्च शिक्षा मंत्री जगन्नाथ चट्टोपाध्याय शिष्टाचार मुलाकात की।

बैठक में भारत-ऑस्ट्रेलिया द्विपक्षीय संबंधों के आधार पर पश्चिम बंगाल में उच्च शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में साझेदारी बढ़ाने पर चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार का प्रयास है कि ऑस्ट्रेलिया के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय अपने कैंपस पश्चिम बंगाल, विशेषकर कोलकाता में स्थापित करे।

इससे राज्य के विद्यार्थियों को विदेश जाए बिना अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी। बताया गया कि हर वर्ष पश्चिम बंगाल के सैकड़ों छात्र उच्च शिक्षा के लिए ऑस्ट्रेलिया के विभिन्न विश्वविद्यालयों में प्रवेश लेते हैं।

ऐसे में यदि ऑस्ट्रेलियाई विश्वविद्यालयों के कैंपस राज्य में खुलते हैं तो छात्रों को बेहतर शैक्षणिक अवसर मिलने के साथ-साथ आर्थिक बोझ भी कम होगा। बैठक में दोनों पक्षों ने कौशल विकास, अनुसंधान और शैक्षणिक सहयोग को और मजबूत बनाने की संभावनाओं पर भी सकारात्मक चर्चा की।

SCROLL FOR NEXT