अहमदाबाद : NEET पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में छात्रों और अभिभावकों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। इसी बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को गुरुवार को अहमदाबाद दौरे के दौरान विरोध का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, पेपर लीक विवाद के चलते मंत्री का यह दौरा काफी गोपनीय रखा गया था, लेकिन इसके बावजूद विरोध की आशंका पहले से जताई जा रही थी। NSUI ने पहले ही प्रदर्शन की चेतावनी दी थी, जिसके चलते प्रशासन अलर्ट पर था।
मंत्री के काफिले के पहुंचते ही कुछ प्रदर्शनकारियों ने उसे रोकने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए हालात को काबू में किया और प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
NEET पेपर लीक मामले ने देशभर में शिक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और लगातार बढ़ते विरोध के बीच सरकार पर दबाव भी बढ़ता जा रहा है।