केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : चुनाव आयोग (ECI) की पूरी बेंच, चीफ इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में 9 मार्च को पश्चिम बंगाल पहुंच सकती है। 10 मार्च को प्रस्तावित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में विधानसभा चुनाव 2026 की तैयारियों का व्यापक आकलन किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, हालात अनुकूल रहे तो मार्च के मध्य या अंत तक चुनाव कार्यक्रम की घोषणा संभव है।
सुरक्षा और केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय
आयोग प्री-पोल, पोल-डे और पोस्ट-पोल सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा करेगा। CAPFs की तैनाती, सीमावर्ती इलाकों में निगरानी और धन, शराब व ड्रग्स के दुरुपयोग पर रोक प्रमुख एजेंडा में है। केंद्रीय जांच ब्यूरो, प्रवर्तन निदेशालय, आयकर विभाग, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और राष्ट्रीय जांच एजेंसी के साथ रिव्यू बैठक 5 मार्च सुबह 10:30 बजे होगी।
मतदाता सूची और प्रशासनिक तैयारियां
28 फरवरी को फाइनल इलेक्टोरल रोल प्रकाशित होने के बाद स्थिति की समीक्षा की गई। आयोग ने स्पष्ट किया कि SIR के दौरान किसी नाम में बदलाव नहीं हुआ। संभावित दौरे में मुख्य चुनाव अधिकारी, पुलिस और जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ जमीनी तैयारियों पर फोकस रहेगा।