टॉप न्यूज़

कोलकाता के गर्ल्स स्कूल में तड़के तांडव, बदमाशों ने घुसकर की तोड़फोड़

CCTV में कैद वारदात, गड़ियाहाट इलाके के स्कूल में सुबह 4:30 बजे हमला

कोलकाता: कोलकाता के गड़ियाहाट इलाके स्थित कमला चटर्जी गर्ल्स हाई स्कूल में शनिवार तड़के बदमाशों ने जमकर तोड़फोड़ की। घटना सुबह करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है, जब एक समूह स्कूल परिसर में घुसकर उत्पात मचाने लगा। स्कूल प्रशासन के अनुसार, बदमाश मुख्य गेट को पार कर अंदर दाखिल हुए और एक किराए के भवन को निशाना बनाते हुए वहां भारी नुकसान पहुंचाया। इसी भवन में प्राइमरी और सेकेंडरी कक्षाएं चलती हैं।

CCTV में कैद हुई वारदात

स्कूल में लगे CCTV कैमरों में साफ देखा गया है कि कुछ युवक दीवार फांदकर अंदर घुसते हैं और उसके बाद तोड़फोड़ शुरू कर देते हैं। स्कूल की प्रधानाध्यापिका देवयानी दास ने बताया कि सुबह जब स्कूल खोला गया, तो अंदर का नजारा पूरी तरह अस्त-व्यस्त था। इसके बाद तुरंत गड़ियाहाट थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।

जांच में जुटी पुलिस

Kolkata Police ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही जिला स्कूल निरीक्षक को भी इस घटना की जानकारी दे दी गई है। शिक्षा विभाग के सूत्रों के मुताबिक, सोमवार को इस मामले पर आगे की कार्रवाई को लेकर बैठक की जाएगी। फिलहाल, इस घटना से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

SCROLL FOR NEXT