मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी 
टॉप न्यूज़

राज्य में ई-ट्रांसपोर्ट और कनेक्टिविटी को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का अहम फैसला

कोलकाता : पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य में ई-ट्रांसपोर्ट, शहरी कनेक्टिविटी और नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाने की घोषणा की है। यह पहल केंद्र सरकार की सहायता वाली योजनाओं के तहत की जा रही है।

शनिवार को ‘स्वच्छ ऐप’ लॉन्च कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य में विकास की गति अपेक्षित स्तर पर नहीं पहुंच पाई है, जैसा कि प्रधानमंत्री भी कई बार उल्लेख कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार अब छोटी नगरपालिकाओं को भी केंद्र के नये अर्बन चैलेंज फंड का लाभ दिलाने के लिए प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए ई-ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देना आवश्यक है। इसके लिए केंद्र सरकार से सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि चिंगड़ीघाटा में मेट्रो परियोजना से जुड़ी बाधा अब दूर कर दी गई है। उन्होंने सुझाव दिया कि 25 से 30 लाख आबादी वाले शहरों में सिटी मेट्रो सेवा विकसित की जा सकती है और इस संबंध में विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर केंद्र को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि डीवीसी और राज्य सरकार मिलकर मानसून के दौरान बाढ़ नियंत्रण पर काम करेंगे। उन्होंने बताया कि राज्य के अधिकारी जल्द ही दिल्ली जाकर विभिन्न विकास परियोजनाओं पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य मिलकर काम कर रहे हैं और राज्य को ‘डबल इंजन’ सरकार का लाभ मिलने लगा है।

SCROLL FOR NEXT