निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : दक्षिण बंगाल में लगातार हो रही बारिश के बीच डीवीसी द्वारा विभिन्न जलाशयों से बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने से दामोदर और मुंडेश्वरी नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। तेज जल प्रवाह के कारण बुधवार को मुंडेश्वरी नदी पर बने बांस के चार पुल टूट गए। इससे आमता विधानसभा क्षेत्र के द्वीपांचल का मुख्य भूभाग से संपर्क काफी हद तक बाधित हो गया। मंगलवार दोपहर डीवीसी ने 68,950 क्यूसेक पानी छोड़ा था। इसके बाद बुधवार की सुबह 61,875 क्यूसेक और दोपहर में अतिरिक्त 55,300 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। लगातार पानी छोड़े जाने से मंगलवार रात से ही दामोदर और मुंडेश्वरी नदियों में तेज धारा बहने लगी। इसका सबसे अधिक असर द्वीपांचल के भटोरा, घोड़ाबेड़िया और चितनान ग्राम पंचायत क्षेत्रों पर पड़ा है। इन इलाकों के करीब 50 हजार निवासी प्रभावित हुए हैं। तेज धारा में कुलिया, गायेनपाड़ा, टाकीपाड़ा और पांशिउली के बांस के पुल बह गए।
प्रशासन ने शुरू की नाव सेवा, विधायक ने किया प्रभावित क्षेत्रों का दौरा
पुल टूटने से लोगों की आवाजाही में भारी परेशानी हो रही है। फिलहाल प्रशासन ने राहत के तौर पर नावों की व्यवस्था की है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, प्रत्येक घाट पर दो-दो नावें चलाई जा रही हैं, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिल सके। आमता के विधायक अमित सामंत ने प्रभावित द्वीपांचल क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उल्लेखनीय है कि करीब एक माह पहले भी इन बांस के पुलों को नुकसान पहुंचा था। प्रशासन की नजर अब बढ़ते जलस्तर और नदी तटबंधों की स्थिति पर बनी हुई है।