निधि, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : दुर्बार महिला समन्वय समिति की ओर से 14वें दुर्गापूजा समारोह की तैयारियों की शुरुआत खूंटी पूजा के साथ की गई। इस अवसर पर राखी बंधन उत्सव का भी आयोजन किया गया, जिसमें समिति से जुड़ी महिलाओं और सदस्यों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान आपसी भाईचारे, एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। इस वर्ष के दुर्गापूजा आयोजन में समाजसेवी अमृता सिंह को दुर्बार महिला समन्वय समिति की अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
नई अध्यक्ष ने आयोजन को खास बनाने की जताई प्रतिबद्धता
अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने पर अमृता सिंह ने कहा, “दुर्बार महिला समन्वय समिति के साथ जुड़ना मेरे लिए सम्मान की बात है। दुर्गापूजा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का अवसर भी है। मैं पूरी कोशिश करूंगी कि समिति के सभी सदस्यों के सहयोग से इस आयोजन को बेहतर और यादगार बनाया जा सके।” खूंटी पूजा के साथ ही पूजा की तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ हुआ। वहीं, राखी बंधन कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं ने आपसी स्नेह, सम्मान और एकजुटता का संदेश दिया। समिति के सदस्यों ने आगामी दुर्गापूजा को सफल बनाने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।