PM मोदी 
टॉप न्यूज़

ड्रग्स युवाओं की आकांक्षाओं के लिए चुनौती : मोदी

संचार साथी से 14 लाख खोए मोबाइल फोन बरामद किए, बिहार संग्रहालय दुनिया में नौवें स्थान पर

Ravi

नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं में मादक पदार्थों की बढ़ती लत पर चिंता जताते हुए कहा कि नशा उनकी प्रतिभा और आकांक्षाओं के सामने बड़ी चुनौती बन रहा है। उन्होंने समाज से नशे के खिलाफ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और युवा पीढ़ी को नशीले पदार्थों से दूर रखने का आह्वान किया। रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने नशामुक्ति, डिजिटल सुरक्षा, भारतीय संग्रहालयों की उपलब्धियों, चॉकलेट उद्योग और स्वास्थ्य सहित विभिन्न विषयों पर विचार रखे।

नशामुक्ति अभियान में समाज की भागीदारी जरूरी : मोदी ने कहा कि भारतीय युवा बड़े सपने देख रहे हैं और उन्हें साकार करने के लिए पूरी मेहनत कर रहे हैं। दुनिया भर में उनकी प्रतिभा की चर्चा हो रही है, लेकिन मादक पदार्थों की लत उनके भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बनकर सामने आई है। उन्होंने कहा कि देश में नशे के खिलाफ लड़ाई में समाज की बढ़ती भागीदारी उत्साहजनक है और ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री ने नशे की लत छोड़कर जीवन को नयी दिशा देने वाले युवाओं के उदाहरण साझा किए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ऐसे ही एक युवक से बातचीत की, जिसने अपनी लत से छुटकारा पाने के संघर्ष और इस दौरान आई कठिनाइयों के बारे में बताया। मोदी ने कहा कि उसका अनुभव उन लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा, जो नशे से बाहर निकलने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने परिवार और देश के भविष्य के लिए युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखना आवश्यक बताया।

संचार साथी से लौटे 14 लाख मोबाइल फोन : मोबाइल फोन गुम होने की समस्या का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज फोन में संपर्कों के अलावा तस्वीरें, जरूरी दस्तावेज और अनेक महत्वपूर्ण जानकारियां सुरक्षित रहती हैं। ऐसे में मोबाइल खोने से लोगों को काफी परेशानी होती है। उन्होंने सरकार के ‘संचार साथी’ डिजिटल मंच को इस समस्या से निपटने में उपयोगी बताया।

मोदी के अनुसार, इस पोर्टल का अब तक 30 करोड़ से अधिक बार इस्तेमाल किया जा चुका है, जबकि इसके ऐप को करीब 3 करोड़ बार डाउनलोड किया गया है। यह व्यवस्था मोबाइल की पहचान के लिए इंटरनेशनल मोबाइल इक्विपमेंट आइडेंटिटी (आईएमईआई) नंबर का उपयोग करती है। इसके माध्यम से देशभर में 14 लाख से अधिक गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे जा चुके हैं।

बिहार संग्रहालय को वैश्विक स्तर पर नौवां स्थान : भारतीय संग्रहालयों की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने बिहार संग्रहालय, पटना की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि दुनिया के 100 श्रेष्ठ संग्रहालयों की सूची में इसे नौवां स्थान मिला है। एशिया में यह पहले पायदान पर रहा है। मोदी ने पेरिस के लुव्र और न्यूयॉर्क के मेट संग्रहालय का उदाहरण देते हुए कहा कि बिहार संग्रहालय ने इस सूची में इन प्रतिष्ठित संस्थानों से भी बेहतर स्थान हासिल किया है। उन्होंने इसे भारतीय सांस्कृतिक विरासत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

भारतीय चॉकलेट की वैश्विक पहचान बढ़ी : प्रधानमंत्री ने भारतीय चॉकलेट और कोको आधारित उत्पादों के निर्यात में पिछले वर्ष करीब 25% की वृद्धि का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में काम कर रहे स्टार्टअप नवाचार के जरिये स्थानीय सामग्री से नये स्वाद विकसित कर रहे हैं। इससे किसानों, महिलाओं और युवा उद्यमियों के लिए रोजगार तथा कारोबार के नये अवसर बन रहे हैं।

गुजरात के कच्छ में ऊंटनी के दूध से तैयार होने वाली चॉकलेट का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि अमूल चॉकलेट, केसरयुक्त दूध और राजभोग आइसक्रीम जैसे उत्पादों के निर्माण में स्थानीय ऊंट पालकों से प्राप्त दूध का इस्तेमाल करता है। इसके अलावा सूरत के ‘श्मिटेन’ ब्रांड ने भारतीय फाइन चॉकलेट को अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान दिलाने की दिशा में काम किया है। देश के विभिन्न हिस्सों में विकसित हो रहे चॉकलेट बुटीक भी भारतीय संस्कृति को आधुनिक और आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत कर रहे हैं।

तेल का इस्तेमाल 10% घटाने की अपील : सर्दियों की शुरुआत के मद्देनजर मोदी ने लोगों से स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और फिट इंडिया मूवमेंट को आगे बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने खान-पान में तेल की मात्रा 10% तक कम करने की अपनी सलाह दोहराई और नियमित रूप से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने पर जोर दिया।

गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व और शोभा सिंह का स्मरण : प्रधानमंत्री ने गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर दिल्ली में आयोजित शबद कीर्तन में शामिल होने के अनुभव को भी साझा किया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उन पर गहरा प्रभाव पड़ा और सिख गुरुओं के चित्रों को देखकर उनका मन श्रद्धा से भर जाता है।

इस क्रम में उन्होंने प्रसिद्ध कलाकार शोभा सिंह का उल्लेख किया, जिनकी 125वीं जयंती 29 नवंबर को मनाई जा रही है। मोदी ने बताया कि शोभा सिंह ने अपने जीवन के कुछ वर्ष सेना में मानचित्रकार के रूप में भी काम किया था और इस दौरान बगदाद में सेवाएं दी थीं। उनकी जयंती पर सम्मान स्वरूप स्मृति सिक्का जारी किए जाने से सिख समुदाय में प्रसन्नता है।

SCROLL FOR NEXT