मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल में मानसून के दो अलग-अलग तस्वीरें देखने को मिल रही हैं। एक ओर उत्तर बंगाल में लगातार हो रही मूसलधार बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, वहीं दक्षिण बंगाल के लोग अब भी झमाझम बारिश का इंतजार कर रहे हैं। अलीपुर मौसम विभाग ने उत्तर बंगाल के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए अगले 4 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के अनुसार जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर और कूचबिहार में अत्यधिक बारिश होने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में 200 मिमी तक वर्षा दर्ज की जा सकती है। दार्जिलिंग और कलिम्पोंग समेत पहाड़ी इलाकों में भी भारी बारिश का अनुमान है। लगातार बारिश के चलते भूस्खलन, नदियों का जलस्तर बढ़ने और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका जताई गई है।
उत्तर बंगाल में गरजेंगे बादल, दक्षिण में इंतजार जारी
उत्तर बंगाल के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं दूसरी तरफ दक्षिण बंगाल में मानसून पहुंचने के बावजूद व्यापक बारिश के संकेत नहीं हैं। कोलकाता समेत कई इलाकों में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। आसमान में बादल छाए रहने और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है, लेकिन इससे गर्मी से विशेष राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। सोमवार को कोलकाता में न्यूनतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दक्षिण बंगाल के 9 जिलों में आंधी-तूफान और हल्की से मध्यम बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।