टॉप न्यूज़

कारीगरों के लिए खुला विकास का द्वार, बंगाल में पीएम विश्वकर्मा योजना का शुभारंभ

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का बड़ा ऐलान, एक साल में पांच लाख लोगों को योजना से जोड़ने का लक्ष्य

sabita

सबिता राय, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की शुरुआत पश्चिम बंगाल में आधिकारिक रूप से हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर के अवसर पर कोलकाता के धनधान्य ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में योजना का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, केंद्रीय राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, मंत्री दीपक बर्मन, अशोक डिन्डा, मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल, एमएसएमई व टेक्सटाइल विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनूप कुमार अग्रवाल उपस्थित थे। पश्चिम बंगाल में इस योजना के तहत शुरुआती तौर पर एक वर्ष में दो लाख लोगों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि राज्य सरकार एक वर्ष में दो लाख नहीं, बल्कि पांच लाख लोगों को प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना से जोड़ने का प्रयास करेगी।

‘अगले साल ब्रिगेड में होगा कार्यक्रम’

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वह नेता प्रतिपक्ष थे, तब भी लगातार मांग करते रहे थे कि पश्चिम बंगाल को प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना से जोड़ा जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिया था कि विश्वकर्मा योजना से संबंधित कोई काम न किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य में नई सरकार को अभी चार महीने ही हुए हैं और इस दौरान आयुष्मान भारत योजना को भी लागू किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि अगले वर्ष 17 सितंबर को यह कार्यक्रम ऑडिटोरियम में नहीं, बल्कि खुले मैदान में ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले वर्ष योजना से दो लाख नहीं, बल्कि पांच लाख लोगों को जोड़ने का लक्ष्य रखा जाएगा। उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार तेज गति से काम कर रही है और पश्चिम बंगाल को पूरे देश में नंबर-1 बनाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं को राज्य में प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने मनरेगा को लेकर पिछली सरकार पर भी निशाना साधा।

जीतन राम मांझी बोले : ‘डबल इंजन सरकार से बंगाल तेजी से आगे बढ़ेगा’

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने गरीबों के प्रति घृणा की भावना के कारण उनके लिए पर्याप्त काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि अब ‘डबल इंजन’ सरकार के माध्यम से पश्चिम बंगाल तेजी से विकास की ओर बढ़ेगा।मांझी ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का उल्लेख करते हुए कहा कि बंगाल के लोगों के दुख के दिन समाप्त होंगे और राज्य विकास के रास्ते पर आगे बढ़ेगा।

पिछली सरकार पर साधा निशाना : केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) तथा श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने भी पिछली सरकार पर केंद्रीय योजनाओं को लागू नहीं करने का आरोप लगाया।उन्होंने कहा कि उन्हें पहली बार पश्चिम बंगाल सरकार के किसी कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला है। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की भी प्रशंसा की।

एक साल में लाखों लोगों को जोड़ने का लक्ष्य

केंद्रीय एमएसएमई मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव एवं विकास आयुक्त डॉ. रजनीश ने पश्चिम बंगाल सरकार का योजना से जुड़ने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि राज्य में योजना के तहत प्रशिक्षण भी शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल में एक वर्ष के भीतर दो लाख लोगों को योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। सचिव भरत खेरा ने कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र देश की आर्थिक मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2028 तक 30 लाख लोगों को योजना से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, लेकिन यह आंकड़ा दो वर्षों में ही पार कर लिया गया है।

मई में ही केंद्र को दी थी योजना से जुड़ने की जानकारी : मंत्री दीपक बर्मन ने कहा कि कोलकाता में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के मुख्य कार्यक्रम का आयोजन होना सभी के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल सरकार ने मई महीने में ही केंद्र सरकार को सूचित कर दिया था कि वह प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना से जुड़ना चाहती है।उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल का एमएसएमई क्षेत्र देश में दूसरे स्थान पर है। इसमें महिलाओं की भागीदारी अहम है।

SCROLL FOR NEXT