टॉप न्यूज़

घरेलू गैस 60 रुपये महंगी हुई, सिलिंडर की कीमत पहुंची 939 रुपये

21 दिनों में केवल एक सिलिंडर खरीदने का नियम लागू

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : महंगाई से जूझ रहे आम लोगों को एक और बड़ा झटका लगा है। रसोई गैस के दाम में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। इस बार घरेलू और व्यावसायिक दोनों तरह के सिलिंडरों की कीमतों में इजाफा हुआ है। नई दरें लागू होने के बाद घरों में इस्तेमाल होने वाला 14.2 किलोग्राम का गैस सिलिंडर 60 रुपये महंगा हो गया है। माना जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते तनाव और तेल आपूर्ति में बाधा के कारण यह कीमत बढ़ाई गई है।

घरेलू गैस सिलिंडर 60 रुपये महंगा

ताजा बढ़ोतरी के बाद घरेलू रसोई गैस सिलिंडर की कीमत 879 रुपये से बढ़कर 939 रुपये प्रति सिलिंडर हो गई है। कीमत बढ़ने से आम परिवारों के मासिक बजट पर सीधा असर पड़ेगा। खासकर मध्यम और निम्न आय वर्ग के लोगों के लिए यह बढ़ोतरी परेशानी का कारण बन सकती है।

व्यावसायिक सिलिंडर के दाम भी 114.50 रुपये बढ़े

व्यावसायिक उपयोग वाले 19 किलोग्राम गैस सिलिंडर की कीमत में भी बड़ा इजाफा हुआ है। पहले इसकी कीमत 1,875 रुपये 50 पैसे थी, जो अब बढ़कर 1,990 रुपये प्रति सिलिंडर हो गई है। गौरतलब है कि 1 मार्च को भी व्यावसायिक रसोई गैस सिलिंडर की कीमत में 31 रुपये की वृद्धि हुई थी। हालांकि उस समय घरेलू गैस की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया था, लेकिन 5 दिन बाद ही दोनों प्रकार के सिलिंडरों की कीमत बढ़ा दी गई। सूत्रों के अनुसार ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर वैश्विक ईंधन बाजार पर पड़ रहा है। इस कारण हॉर्मुज जलडमरूमध्य से ईंधन की आवाजाही प्रभावित हुई है। भारत सरकार ने फिलहाल पर्याप्त ईंधन भंडार होने की बात कही है।

21 दिनों में केवल एक सिलिंडर खरीदने का नियम

पेट्रोलियम मंत्रालय के हालिया फैसले के अनुसार अब घरेलू उपभोक्ता 21 दिनों में केवल एक गैस सिलिंडर ही खरीद सकेंगे। पुराने नियम को फिर से लागू किए जाने से कई उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

उपभोक्ताओं की शिकायतें भी सामने आईं

कीमत बढ़ने के साथ ही कई उपभोक्ताओं ने गैस बुकिंग को लेकर भी शिकायतें की हैं। कुछ लोगों का कहना है कि वे फोन नंबर पर गैस बुक करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हो रहा है। एक उपभोक्ता ने कहा कि कई बार कॉल करने के बाद भी गैस बुकिंग नहीं हो पा रही है, जिससे काफी परेशानी हो रही है। वहीं अन्य लोगों ने भी जल्द समाधान की मांग की है, ताकि समय पर गैस सिलिंडर मिल सके।

SCROLL FOR NEXT