टॉप न्यूज़

3 जून को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे डीके शिवकुमार

उपमुख्यमंत्रियों के साथ नई सरकार का गठन, कांग्रेस संगठन और सामाजिक संतुलन पर रहेगा फोकस

Bishakhaa Tiwari

बेंगलुरु : कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों पर लगभग विराम लग गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और वर्तमान उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार 3 जून को शाम 4:10 बजे कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। बेंगलुरु में पत्रकारों से बातचीत के दौरान शिवकुमार ने स्वयं शपथ ग्रहण समारोह की तारीख की पुष्टि की।

कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक में उन्हें विधायक दल का नेता चुना जाएगा, जिसके बाद वे आधिकारिक रूप से मुख्यमंत्री पद संभालेंगे। सूत्रों के अनुसार, शपथ ग्रहण समारोह को सादगीपूर्ण रखा जाएगा।

पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद राज्य में नए नेतृत्व को लेकर कई दिनों से चर्चा चल रही थी। कांग्रेस नेतृत्व ने अंततः डीके शिवकुमार के नाम पर मुहर लगाई। बताया जा रहा है कि नई सरकार में दो उपमुख्यमंत्री भी शपथ ले सकते हैं। इनमें एक नेता दलित समुदाय और दूसरा अल्पसंख्यक समुदाय से हो सकता है, ताकि सामाजिक और राजनीतिक संतुलन बनाए रखा जा सके।

सूत्रों के अनुसार, नई मंत्रिपरिषद में युवाओं, पिछड़े वर्गों, दलितों और अल्पसंख्यकों को अधिक प्रतिनिधित्व देने पर जोर रहेगा। इसके अलावा सिद्धारमैया के पुत्र यतींद्र सिद्धारमैया को भी सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने की संभावना जताई जा रही है।

डीके शिवकुमार को कांग्रेस का मजबूत संगठनात्मक नेता माना जाता है। संकट प्रबंधन और पार्टी संगठन में उनकी भूमिका को देखते हुए कांग्रेस नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया है। अब सभी की नजर 3 जून को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह और नई कैबिनेट के गठन पर टिकी हुई है।

SCROLL FOR NEXT