टॉप न्यूज़

भारत से तकरार : भारतीय बंदरगाहों, टर्मिनलों के लिए समुद्री सुरक्षा बढ़ाई गई

पोत परिवहन महानिदेशालय द्वारा उठाया गया कदम

Rohit Singh

नई दिल्ली : पोत परिवहन महानिदेशालय ने भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे संघर्ष को देखते हुए भारतीय बंदरगाहों, टर्मिनलों और भारतीय ध्वज वाले जहाजों के लिए समुद्री सुरक्षा को 'एमएआरएसईसी स्तर दो या उच्च सुरक्षा' तक बढ़ा दिया है। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सामान्य माल ढुलाई सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख समुद्री परियोजनाओं की व्यापक समीक्षा की है और उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि कामकाज सामान्य बना रहे।

पोत परिवहन महानिदेशालय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के अधीन कार्य करता है। अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन (आईएमओ) द्वारा विकसित अंतरराष्ट्रीय जहाज और बंदरगाह सुविधा सुरक्षा (आईएसपीएस) कोड, एसओएलएएस (समुद्र में जीवन की सुरक्षा) सम्मेलन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसे समुद्री सुरक्षा पर बढ़ती वैश्विक चिंताओं का मुकाबला करने के लिए अपनाया गया था।

सुरक्षा स्तर दो में किसी बढ़े हुए जोखिम के जवाब में एक निश्चित अवधि के लिए अतिरिक्त सुरक्षात्मक उपायों को अपनाया जाता है। इस महीने की शुरुआत में, भारत ने पाकिस्तान के झंडे वाले जहाजों को किसी भी भारतीय बंदरगाह पर जाने से प्रतिबंधित कर दिया था।

SCROLL FOR NEXT