सोनिया गांधी और ममता बनर्जी 
टॉप न्यूज़

मोदी विरोधी मोर्चे पर ममता-सोनिया में बातचीत जारी

भाजपा विरोधी मुद्दों पर मंथन जारी

कोलकाता : केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ विपक्षी एकजुटता को मजबूत करने के उद्देश्य से तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी और कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के बीच लगातार संवाद जारी है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच फोन और संदेशों के जरिए नियमित रूप से संपर्क बना हुआ है। दोनों ही संसद के भीतर और बाहर मोदी सरकार के खिलाफ विपक्ष की साझा रणनीति पर चर्चा कर रही हैं।

सूत्रों का कहना है कि इंडिया गठबंधन को मजबूत बनाए रखने और विभिन्न राष्ट्रीय मुद्दों पर संयुक्त आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने को लेकर विचार-विमर्श हो रहा है। ममता बनर्जी की योजना हाल में दिल्ली पहुंचकर विपक्ष समर्थित एक आंदोलन में शामिल होने की भी थी, लेकिन कार्यक्रम में बदलाव के कारण उनका दौरा स्थगित हो गया।

इधर संसद में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कक्ष में आयोजित विपक्षी रणनीतिक बैठकों में तृणमूल कांग्रेस की सक्रिय भागीदारी जारी है। सोमवार को पार्टी सांसद सौगत राय, सागरिका घोष, महुआ मोइत्रा और डेरेक ओ'ब्रायन ने बैठक में हिस्सा लिया था, मंगलवार को भी ऐसा ही देखने को मिला।

तृणमूल नेताओं का कहना है कि संसद, संसद परिसर और सड़क, तीनों स्तरों पर विपक्ष जनहित के मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरने की रणनीति पर काम कर रहा है। पार्टी का मानना है कि विपक्षी दलों के बीच बेहतर समन्वय से भाजपा के खिलाफ राजनीतिक संघर्ष को और धार मिलेगी।

SCROLL FOR NEXT