नयी दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को 100 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अधिकारियों ने बताया कि इसके साथ ही आनंद विहार अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) से उत्तर प्रदेश के हापुड़ के बीच इलेक्ट्रिक बस सेवा की भी शुरुआत की गई। बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के बाद पत्रकारों के साथ बातचीत में रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार की योजना जल्दी बिहार के लिए भी बस सेवा शुरू करने की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदूषण पर चर्चा के बीच दिल्ली सरकार अपने पौने दो साल के कार्यकाल के दौरान सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या लगातार बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि रवाना की गई 100 इलेक्ट्रिक बसें ना सिर्फ दिल्ली की परिवहन व्यवस्था को मजबूत करेंगी बल्कि दिल्ली के पर्यावरण के लिए बेहतर काम करेंगी। दिल्ली में फिलहाल 7,088 बसें चल रही हैं, जो अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। इनमें करीब 5,338 इलेक्ट्रिक बसें हैं और किसी भी राज्य में इलेक्ट्रिक बसों का इतना बड़ा बेड़ा नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार लोगों को इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। इसके लिए सब्सिडी देने के साथ पुराने वाहनों को कबाड़ में देने पर प्रोत्साहन राशि भी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में 15 हजार करोड़ रूपये की इलेक्ट्रिक वाहन नीति लागू की गई है, जो देश में इस तरह की सबसे बड़ी नीति है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि नवंबर में दिल्ली के मौसम और वायु गुणवत्ता में लगातार सुधार देखने को मिल रहा है।
रेखा गुप्ता ने इसका श्रेय पर्यावरण के प्रति सरकार और आम लोगों की साझा जिम्मेदारी को दिया। रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार के जितने भी वाहन हैं उनको भी लगातार ईवी में बदलने का काम किया जा रहा है और नए इलेक्ट्रिक वाहन खरीदे जा रहे हैं।