सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

डिजिटल अरेस्ट का शिकार हुए कल्याणी के डॉक्टर

24 लाख की ठगी मामले में दो नाइजीरियाई भोपाल से गिरफ्तार

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

नदिया : कल्याणी शहर में रहने वाले एक डॉक्टर को ''डिजिटल अरेस्ट'' के जाल में फंसाकर 24 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रानाघाट पुलिस जिले के साइबर थाना पुलिस ने लगभग दो साल तक चली तकनीकी जांच के बाद मध्य प्रदेश के भोपाल से दो नाइजीरियाई नागरिकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान जुनैदा टुकुर सानी और अलियु सानी गार्बा के रूप में हुई है, जो भोपाल के एक कॉलेज में पढ़ाई कर रहे थे।

सिम कार्ड के दुरुपयोग का डर दिखाकर रची गई साजिश

यह मामला नवंबर 2024 में शुरू हुआ था, जब डॉक्टर के पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले ने दावा किया कि डॉक्टर के नाम पर पंजीकृत एक सिम कार्ड का इस्तेमाल किसी गंभीर आपराधिक गतिविधि में हुआ है। इसके बाद डॉक्टर को डरा-धमकाकर ''डिजिटल अरेस्ट'' के नाम पर कई घंटों तक ऑनलाइन निगरानी (सर्विलांस) में रखा गया। डर के माहौल में आकर डॉक्टर ने ठगों के बताए अनुसार विभिन्न खातों में कुल 24 लाख रुपये स्थानांतरित कर दिए।

2 साल लंबी जांच के बाद साइबर पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी

ठगी का अहसास होने पर पीड़ित डॉक्टर ने तुरंत राणाघाट साइबर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। साइबर सेल ने वित्तीय लेनदेन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया, जिसके तार भोपाल तक पहुंचे। पुलिस टीम ने भोपाल में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को धर दबोचा। आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर कल्याणी लाया गया और कल्याणी उप-मंडलीय अदालत में पेश किया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अंतरराष्ट्रीय गिरोह में और कौन-कौन शामिल है।

SCROLL FOR NEXT