एक नजर इस पर
दीघा से नवदीप - 8 am to 4 pm/5 pm
नवदीप से दीघा - 6 am to 2 pm/3 pm
कुल बसें - 2, अभी तक
फेयर - 250 /
सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : राज्य के दो विश्वप्रसिद्ध आध्यात्मिक एवं पर्यटन स्थलों के लिए नयी परिवहन सेवा शुरू की गयी है। जगन्नाथ धाम, दीघा और श्री मायापुर धाम, जो इस्कॉन का वैश्विक मुख्यालय है, को सीधे जोड़ने की पहल के उद्देश्य से 1 फरवरी से बस सेवा शुरू हुई। दक्षिण बंगाल राज्य परिवहन निगम की पहल के तहत यात्री परिवहन शुरू हो गया है। अब लोग एक ही बस से दोनों तीर्थ स्थल जा सकेंगे। इससे तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और अंतरराष्ट्रीय आगंतुकों की यात्रा और अधिक सुगम होने की उम्मीद है। इस्कॉन कोलकाता के उपाध्यक्ष तथा जगन्नाथ धाम, दीघा के ट्रस्टी एवं मुख्य पुजारी राधारमण दास ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राज्य सरकार को इस दूरदर्शी पहल के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने इसे बंगाल के आध्यात्मिक एवं पर्यटन ढांचे के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताया है। उन्होंने कहा दीघा–मायापुर बस सेवा की शुरुआत बंगाल में एकीकृत आध्यात्मिक पर्यटन कॉरिडोर बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। यह सेवा विशेष रूप से विदेशी भक्तों के लिए अत्यंत लाभकारी होगी। हर वर्ष दुनिया भर के सैकड़ों देशों से हजारों इस्कॉन भक्त मायापुर आते हैं और उनमें से बहुत से दीघा स्थित जगन्नाथ धाम भी जाना चाहते हैं।”
दीघा–मायापुर सीधे संपर्क से मिलेगा व्यापक लाभ
वैश्विक आध्यात्मिक पर्यटन मानचित्र पर पश्चिम बंगाल की स्थिति और मजबूत होगी
मार्ग से जुड़े क्षेत्रों की स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा
अंतरराष्ट्रीय तीर्थयात्रियों की आवाजाही बढ़ेगी
समुद्री पर्यटन और धार्मिक पर्यटन का समन्वित विकास होगा
स्थानीय लोगों, परिवहन क्षेत्र, होटल उद्योग और छोटे व्यवसायों के लिए नए रोजगार के अवसर भी पैदा करेगा