टॉप न्यूज़

आर्किड की विभिन्न प्रजातियों को एकत्र कर जीवित पेड़ों में किया प्रत्यारोपण

सन्मार्ग संवाददाता

नागराकाटा : गत वर्ष राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक आशीष कुमार रॉय ने सड़क विस्तारीकरण के लिए कटे पेड़ों से परजीवी आर्किड की विभिन्न प्रजातियों को एकत्र कर जीवित पेड़ों में प्रत्यारोपित किया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय जैविक विविधता दिवस के अवसर पर तराई के टुकुरिया जंगल से सटे इलाके के पेड़ों में उन आर्किड को प्रत्यारोपित किया। इस कार्य में उन्होंने अपने छात्र-छात्राओं को भी शामिल किया। उन्होंने टुकुरिया से सटे बुरागंज गांव के कई घरों के पेड़ों में धागे से आर्किड को बांधा। पिछले 20 वर्षों से डुआर्स-तराई इलाके में विभिन्न जगहों पर आर्किड मैन के नाम से मशहूर आशीष इस काम को जारी रखे हुए हैं। सिलीगुड़ी के नरसिंह विद्यापीठ में जीव विज्ञान के शिक्षक आशीष कहते हैं कि जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र की रक्षा में परजीवी आर्किड की भूमिका किसी से कम नहीं है। इसकी रक्षा करना बहुत जरूरी है।

SCROLL FOR NEXT