नई दिल्लीः निर्माता-निर्देशक आदित्य धर की फिल्म धुरंधर का सीक्वल धुरंधरः द रिवेंज की टीजर आज रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गयी। यह फिल्म 19 मार्च को थियेटरों में रिलीज होने जा रही है।
धुरंधर ने आशा से कही अधिक बॉक्स पर प्रदर्शन किया और भारत समेत दुनियाभर में 1300 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। पिछले शुक्रवार को ही धुरंधर नेटफिलिक्स पर रिलीज हुई और आज तक भारत ही नहीं, पाकिस्तान में भी नंबर वन पर ट्रेंड कर रही है। अपनी कहानी के नयेपन, कलाकारों के जबरदस्त अभिनय, रोमांचित करने वालों गानों तथा तड़कदार संगीत और कहानी को नये तरीके से पेश करने वाली निर्देशक नजर की वजह से धुरंधर ने लोगों के दिलों में जगह बना ली थी। फिल्म के अंत में बताया गया था कि इसका सीक्वल मार्च में आयेगा। तब से लोगों को धुरंधर 2 का इंतजार है।
पहले से ज्यादा हिंसक रूप
धुरंधरः द रिवेंज की एक तस्वीर सबसे पहले आज सुबह अभिनेता रणवीर सिंह ने सोशल मीडिया पर डाली थी जो देखते ही देखते वायरल हो गयी। इस तस्वीर में रणवीर खूंखार दिख रहे जिससे यह अनुमान हो गया कि धुरंधर से ज्यादा धुरंधर 2 में रणवीर ज्यादा हिंसक दिखाई देंगे। और जब दोपहर को फिल्म का टीजर जारी हुई तो यह बात सच साबित हुई।
ये नया हिंदुस्तान है...
धुरंधरः द रिवेंज की टीजर मात्र एक मिनट 13 सेकेंड की है, लेकिन इतने कम समय का होते हुए भी यह जबदस्त तरीके से संदेश दे रही है। टीजर में कुछ दृश्य हैं जिनमें रणवीर ताबड़तोड़ एक्शन में दिख रहे हैं। टीजर से यह संकेत मिलता है कि हमजा ने रहमान डैकत की गद्दी संभाल ली है और वह ल्यारी का किंग बना जाता है। धुरंधर में रणवीर सिंह के अतीत की हल्की सी झांकी मिलती है, उसके परिवार के साथ क्या हुआ था यह नहीं बताया गया था, लेकिन धुरंधरः द रिवेंज की टीजर में रणवीर के अतीत की तस्वीर है, इससे लगता है कि फिल्म में उनकी अतीत की कहानी दिखायी गई है। बहरहाल टीजर के आखिर में रणवीर सिंह कहते हुए भी देख रहे हैं-ये नया हिंदुस्तान है, घर में घुसेगा भी, मारेगा भी...।
टीजर में और कौन दिखें?
टीजर में अभिनेता आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और संजय दत्त भी नजर आए हैं। यह फिल्म कराची के ल्यारी इलाके की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जो गैंगवार और हिंसक क्षेत्रीय संघर्षों के इतिहास के लिए जाना जाता है। फिल्म में रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में हैं और इसकी कहानी कंधार विमान अपहरण, 2001 संसद हमला और 26/11 मुंबई हमलों जैसी भू-राजनीतिक और आतंकी घटनाओं की पृष्ठभूमि में खुफिया अभियानों पर आधारित है।
इस फिल्म का निर्माण आदित्य धर और लोकेश धर ने ज्योति देशपांडे के ‘जियो स्टूडियोज’ के सहयोग से ‘बी62 स्टूडियोज’ के बैनर तले किया है।