नई दिल्ली - भारतीय क्रिकेट टीम के मशहूर विकेटकीपर ऋषभ पंत की बहन साक्षी जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। उनकी शादी का समारोह मसूरी में आयोजित किया जा रहा है। मंगलवार को हुए संगीत समारोह में पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी और पूर्व खिलाड़ी सुरेश रैना भी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने शानदार डांस किया, जिसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में ये तीनों 'दमा दम मस्त कलंदर' गाने पर झूमते नजर आ रहे हैं। साक्षी की शादी आज मसूरी में बिजनेसमैन अंकित चौधरी के साथ हो रही है। अंकित लंदन स्थित एलीट ई 2 कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में शामिल हैं। दोनों काफी समय से एक-दूसरे को जानते हैं और पिछले साल जनवरी में उनकी सगाई हुई थी।
साक्षी ने सोशल मीडिया पर साझा किया वीडियो
एमएस धोनी की पत्नी साक्षी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और अक्सर अपनी जिंदगी से जुड़ी अपडेट्स साझा करती हैं। हाल ही में उन्हें धोनी के साथ ऋषभ पंत की बहन की शादी के समारोह के लिए मसूरी पहुंचते हुए देखा गया। सामने आए वीडियो में महेंद्र सिंह धोनी को संगीत सेरेमनी में शानदार डांस करते हुए देखा जा सकता है। उनके साथ मिस्टर IPL कहे जाने वाले सुरेश रैना भी जमकर थिरकते नजर आए। रैना अपनी पत्नी के साथ इस खास मौके पर शामिल होने के लिए मसूरी पहुंचे हैं।
27 करोड़ में लखनऊ ने खरीदा था पंत को
आईपीएल 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी ऋषभ पंत करते नजर आएंगे। लखनऊ ने आईपीएल 2025 ऑक्शन में उन्हें 27 करोड़ रुपये में खरीदा था। वह आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी है।