पहली पुण्यतिथि पर छलका मन का दर्द 
टॉप न्यूज़

उनके बिना जिंदगी बहुत सूनी लगती है : हेमामालिनी

पति धर्मेंद्र की पहली पुण्यतिथि छलका मन का दर्द

Lokendra Bahuguna

नयी दिल्ली : अभिनेत्री हेमा मालिनी ने अपने पति और अभिनेता धर्मेंद्र की पहली पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्हें खोने का दुख एक साल बाद भी पहले जितना ही गहरा है और उनके बिना जिंदगी सूनी लगती है।

अपार सफलता के बावजूद अपनी जड़ों से जुड़े रहे

हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में धर्मेंद्र के साथ अपनी तस्वीरें भी साझा कीं और उन्हें अपना ‘दोस्त, दार्शनिक और मार्गदर्शक’ बताया। उन्होंने लिखा कि पूरा एक साल इतनी तेजी से बीत गया लेकिन मेरा दुख जरा भी कम नहीं हुआ। मुझे एक ऐसे व्यक्ति को खोने का गहरा दुख है जिसकी कमी कभी पूरी नहीं हो सकती। वे सिर्फ मेरे पति नहीं थे बल्कि मेरे लिए सब कुछ थे। वह मेरे दोस्त, दार्शनिक और मार्गदर्शक थे। वह मेरा सबसे बड़ा सहारा थे और संक्षेप में कहूं तो वही मेरा पूरा वजूद थे। उनके बिना जिंदगी बहुत सूनी लगती है। फिल्म जगत में अपार सफलता हासिल करने के बावजूद धर्मेंद्र अपनी जड़ों से जुड़े रहे।

बॉलीवुड के ‘ही-मैन’ थे धरम

हिंदी सिनेमा के सबसे प्रभावशाली अभिनेताओं में शामिल धर्मेंद्र का 24 नवंबर 2025 को 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। बॉलीवुड के ‘ही-मैन’ के नाम से मशहूर धर्मेंद्र का फिल्मी करियर छह दशक से अधिक लंबा रहा। उन्होंने ‘शोले’, ‘सीता और गीता’, ‘फूल और पत्थर’, ‘चुपके चुपके’, ‘सत्यकाम’ और ‘ड्रीम गर्ल’ सहित 300 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया। धर्मेंद्र और हेमामालिनी ने 1980 में विवाह किया था। उनकी दो बेटियां ईशा देओल और अहाना देओल हैं। धर्मेंद्र की पहली पत्नी प्रकाश कौर से उनके चार बच्चे सनी देओल, बॉबी देओल, विजेता और अजीता हैं।

जब दिलीप कुमार ने कहा : काश मैं भी धरम जैसा दिखता...

‘काश मुझे भी धर्मेंद्र जैसी खूबसूरत शक्ल-सूरत मिली होती’

बॉलीवुड में अपने प्राइम टाइम पर सबके हरदिल अजीज रहे ‘ट्रेजेडी किंग’ दिलीप कुमार ने अक्सर हल्के-फुल्के अंदाज़ में और स्नेह से कहा करते थे कि काश उन्हें भी धर्मेंद्र जैसी खूबसूरत शक्ल-सूरत या कद-काठी मिली होती। दिलीप कुमार यह बात किसी जलन से नहीं बल्कि धर्मेंद्र के प्रति अपने गहरे स्नेह और प्रशंसा के तौर पर कहते थे। उन्होंने 1997 के ‘फिल्मफेयर अवॉर्ड्स’ के दौरान, जब धर्मेंद्र को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड दिया गया, तब स्टेज से उनकी खूबसूरती, सादगी और आंखों की चमक की खुलकर तारीफ की थी। धर्मेंद्र हमेशा दिलीप कुमार को अपना आदर्श और बड़े भाई जैसा मानते थे, जबकि दिलीप कुमार धर्मेंद्र की सादगी और व्यक्तित्व को बेहद पसंद करते थे।

SCROLL FOR NEXT