हल्द्वानी : राजनाथ सिंह ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ‘धुरंधर’ बताते हुए उनके कामकाज की जोरदार सराहना की। उन्होंने कहा कि धामी ने अपने चार साल के कार्यकाल में इतनी तेजी से काम किया है, जिसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की थी। धामी सरकार के दूसरे कार्यकाल के चार साल पूरे होने के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में सिंह ने कहा, “पहले मैंने उन्हें ‘धाकड़’ कहा था, लेकिन अब उनके काम को देखकर उन्हें ‘धुरंधर’ कहना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे छोटे राज्य में जिस गति से विकास हुआ है, वह उल्लेखनीय है और कई क्षेत्रों में राज्य ने देश में अव्वल स्थान हासिल किया है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का जिक्र करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य आध्यात्म और आधुनिकता के संगम के साथ देश के विकास में अहम भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि राज्य में इस समय दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। सिंह ने कहा कि ‘डबल इंजन’ सरकार के चलते उत्तराखंड तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है और इसे विकसित राज्य बनने से कोई नहीं रोक सकता।
उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड ने पूर्व सैनिकों के कल्याण में भी अहम कदम उठाए हैं, जिसमें परमवीर चक्र विजेताओं की अनुग्रह राशि बढ़ाना और सैन्य धाम का निर्माण शामिल है।साथ ही, उन्होंने राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करने और अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के लिए भी धामी सरकार की सराहना की।