मुख्य बातें
टूर गाइड सुविधा ने बढ़ाया मंदिर दर्शन का अनुभव
सर्दियों की छुट्टियों में बढ़ेगी गाइड टीम
7 महीने में 90 लाख - 1 करोड़ श्रद्धालुओं का समागम
वीकेंड में 50 हजार भक्तों की उमड़ी भीड़
सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : दीघा का जगन्नाथ मंदिर में भक्तों का समागम बढ़ता जा रहा है। दीघा में केवल पर्यटक नहीं बल्कि भक्तों की संख्या भी यहां बढ़ रही है। दीघा का जगन्नाथ मंदिर के उद्घाटन के अपने सात महीनों में भक्तों की संख्या करोड़ तक छूने वाला है। यह अपने आप में एक रिकॉर्ड है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया के दिन दीघा में जगन्नाथ मंदिर का उद्घाटन किया था। अगले दिन से मंदिर के दरवाजे भक्तों के लिए खोल दिये गये। तभी से मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहता है। केवल बंगाल से ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों यहां तक विदेशों से भी भक्त यहां भगवान के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
90 लाख से 1 करोड़ के बीच भक्त आये हैं : राधारमण दास
दीघा जगन्नाथ मंदिर के ट्रस्टी तथा मुख्य पुजारी राधारमण दास ने सन्मार्ग से बातचीत में बताया कि मंदिर के उद्घाटन से लेकर अब तक करीब 90 लाख से 1 करोड़ के बीच भक्त यहां आये हैं। अब कई और अहम योजनाएं भी दीघा जगन्नाथ मंदिर के लिए किया जायेगा। दीघा जगन्नाथ मंदिर के प्रसाद को अब देशभर में घर बैठे भक्तों तक पहुंचाने की योजना पर काम चल रहा है। देश के किसी भी हिस्से से भक्त यहां का प्रसाद मंगवा सकेंगे। राधारमण दास ने इसकी जानकारी देेते हुए कहा कि बहुत जल्द यह सुविधा दूर दराज में रहने वाले भक्तों के लिए उपलब्ध होगी।
अहम योजना
* मंदिर प्रशासन और संबंधित टीम घर प्रसाद भेजने के प्रस्तावित इस योजना पर काम कर रहे हैं।
* प्रसाद सूखे रूप में भेजा जाएगा, ताकि इसकी गुणवत्ता बनी रहे और यात्रा के दौरान खराब न हो।
* प्रसाद को पोस्ट के माध्यम से भेजने की योजना है, जिससे देश के हर राज्य में इसे पहुंचाना संभव होगा।
* यह सुविधा विशेष रूप से उन भक्तों के लिए उपयोगी होगी जो मंदिर तक आने में असमर्थ हैं।
टूर गाइड सेवा की शुरुआत
* एक सप्ताह पहले मंदिर में टूर गाइड सेवा शुरू की गई है।
* वर्तमान में 4–5 प्रशिक्षित गाइड उपलब्ध हैं।
* ये गाइड मंदिर वास्तुकला, धार्मिकता और परंपराओं से जुड़ी विस्तृत जानकारी भक्तों को देते हैं।
* तीर्थयात्रियों को मंदिर परिसर के विभिन्न हिस्सों, नियमों और प्रक्रियाओं को समझने में आसानी होगी।
* विंटर वेकेशन में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना को ध्यान में रखते हुए गाइडों की संख्या बढ़ाने की योजना है।