टॉप न्यूज़

उत्तर बंगाल के लिए विकास का रोडमैप तैयार

चाय बागान, पर्यटन, आवास और वन्यजीव संरक्षण पर सीएम के अहम ऐलान, कहा : ‘आपकी उम्मीदों को पूरा करूंगा’

sabita

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता

अलीपुरदुआर/ कोलकाता : सीएम शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को अपने नार्थ बंगाल के दौरे से यहां के लिए कई अहम घोषणाएं की है। सीएम ने लोगों से कहा कि हमारी सरकार जनगण की सरकार है। आपके के लिए हर काम करूंगा। आपकी उम्मीदों को पूरा करूंगा।विश्व गैंडा दिवस और करम पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम से उत्तर बंगाल में वन्यजीव संरक्षण, पर्यटन विकास और चाय क्षेत्र के रूपांतरण को लेकर सीएम ने अलीपुरदुआर से कई बड़ी घोषणाएँ कीं। जलदापाड़ा और गोरुमारा अभयारण्यों को केंद्र में रखकर राज्य वन विभाग द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल होकर उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि अगले एक वर्ष के भीतर सरकार अलीपुरदुआर, तराई और डुआर्स क्षेत्र को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करेगी। उन्होंने बंद पड़े चाय बागानों को फिर से खोलने, श्रमिकों को 20 प्रतिशत बोनस देने, बस्ती की जमीन का मालिकाना हक प्रदान करने और टोटोपाड़ा में 1,200 नए घर बनाने का आश्वासन दिया। सीएम नार्थ बंगाल के दौरे पर पहले मदन मोहन मंदिर में पूजा अर्चना की। इसके अलावा वे अन्य कई कार्यक्रमों में शामिल हुए। इस दिन वन विभाग द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का छात्र-छात्राओं ने भ्रमण किया। इसके बाद नियमों और कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए शिकारियों से जब्त किए गए वन्यजीवों से संबंधित बहुमूल्य उपकरणों और अवशेषों को आग में नष्ट किया गया। अवैध शिकार रोकने के संबंध में सीएम ने कहा, “आज आइए, हम सभी मिलकर यह संकल्प लें कि प्रकृति, वन्यजीवों और अपने प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करेंगे। वन्यजीवों को बचाने के साथ-साथ उनके भोजन और स्वास्थ्य की सुरक्षा भी हम सुनिश्चित करेंगे।” उन्होंने यह भी बताया कि आगामी 2 अक्टूबर को बक्सा टाइगर रिजर्व में रॉयल बंगाल टाइगर छोड़े जाने के विशेष कार्यक्रम में वह फिर आएंगे।

चाय क्षेत्र के श्रमिकों के लिए सीएम ने यह कहा

उत्तर बंगाल के चाय क्षेत्र के श्रमिकों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान का आश्वासन देते हुए सीएम ने कहा कि बंद पड़े चाय बागानों को हम निश्चित रूप से खोलेंगे। इस बार चाय बागान श्रमिकों को 20 % बोनस दिलाने की व्यवस्था की जाएगी। पिछली सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार श्रमिकों को किरायेदार बनाए रखना चाहती थी, लेकिन अपने वादे के अनुसार उनकी सरकार चाय बागानों के स्थायी निवासियों को अतिरिक्त भूमि का अधिकार प्रदान करेगी। इसके अलावा, विशेष जनजातीय आबादी वाले टोटोपाड़ा में जल्द से जल्द 1,200 नए घर बनाने के लिए उन्होंने मौके पर मौजूद जिलाधिकारी को निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि तेजी से तैयार हो रहे अलीपुरदुआर जिला न्यायालय के उद्घाटन के लिए भी वह दोबारा आएंगे।

अपने संबोधन के एक हिस्से में सीएम ने हिंदी भाषा में अलीपुरदुआर, डुआर्स और पहाड़ के लोगों के समर्थन को याद करते हुए भावुकता व्यक्त की। उन्होंने 2009 में दार्जिलिंग, 2016 में मदारीहाट और 2021 के विधानसभा चुनाव में अलीपुरदुआर की सभी सीटों पर भाजपा को विजयी बनाने के लिए जनता के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़े रहने के लिए इस क्षेत्र के लोगों को धन्यवाद देते हुए उन्होंने आश्वासन दिया कि स्थानीय लोगों की सभी आशाओं-आकांक्षाओं को पूरा करना और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित करना उनकी सरकार की प्राथमिकता होगी।

SCROLL FOR NEXT