उदय कुमार ने प्रशासन से मांगा बहादुरी पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र
सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : मंगलवार को पवन हंस के हेलीकॉप्टर की समुद्र में आपात लैंडिंग के दौरान साहस और तत्परता का परिचय देने वाले 4 कर्मियों को बहादुरी पुरस्कार एवं उपराज्यपाल प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान करने की मांग उठी है।
हिंदू राष्ट्र शक्ति, अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के राज्य महासचिव (संगठन) एवं पूर्व एसवीपीएमसी अध्यक्ष एन. के. उदय कुमार ने उपराज्यपाल तथा मुख्य सचिव, अंडमान एवं निकोबार प्रशासन को पत्र लिखकर इस संबंध में औपचारिक अनुशंसा की है। अपने पत्र में उन्होंने उल्लेख किया है कि मंगलवार को पवन हंस का हेलीकॉप्टर समुद्र में आपात स्थिति में उतरने को विवश हुआ। इस गंभीर परिस्थिति में कुछ बहादुर कर्मियों ने अद्वितीय साहस, सूझबूझ और निस्वार्थ भावना का परिचय देते हुए तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अपनी जान की परवाह किए बिना उन्होंने 7 लोगों की सुरक्षित निकासी सुनिश्चित की और संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।
उदय कुमार ने जिन 4 कर्मियों के नाम विशेष रूप से अनुशंसित किए हैं, वे हैं सॉ थॉमस (वन डीआरएम), सॉ मनाशे (वन डीआरएम), सॉ सकारी (वन डीआरएम) तथा कार्तिक (पीएमएफ स्टाफ)। उन्होंने कहा कि इन कर्मियों का साहस, कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय सेवा की भावना सार्वजनिक सेवा की उत्कृष्ट परंपरा का प्रतीक है। ऐसे वीरतापूर्ण कार्यों को औपचारिक रूप से सम्मानित किया जाना चाहिए, ताकि इससे अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिले और संस्थाओं के प्रति जनता का विश्वास और सुदृढ़ हो। पत्र में प्रशासन से अनुरोध किया गया है कि उपर्युक्त कर्मियों को उपयुक्त बहादुरी पुरस्कार तथा उपराज्यपाल प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान करने पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाए।