टॉप न्यूज़

Delhi Elections : जीत के बाद प्रधानमंत्री ने क्या कहा ?

'आपके विश्वास ने हमें विजयी बनाया' - प्रधानमंत्री

Rohit Singh

नई दिल्ली - दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में नेताओं और जनता को संबोधित किया। उन्होंने अपना संबोधन यमुना मय्या की जयकार से शुरू किया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘आज दिल्ली के लोगों के मन में उत्साह और राहत है। जीत का उत्साह और राहत दिल्ली को आप-दा मुक्त बनाने के लिए है। मैं सिर झुकाकर दिल्ली के लोगों को मोदी की गारंटी पर विश्वास करने के लिए धन्यवाद देता हूं।’

उन्होंने अपने संबोधन में आगे कहा कि, ‘मैं दिल्ली की जनता को धन्यवाद देता हूं। दिल्ली ने हमें दिल से प्यार दिया है और मैं एक बार फिर लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि हम आपके विकास के रूप में दोगुना प्यार लौटाएंगे। लोकसभा चुनाव में दिल्ली की जनता ने मुझे कभी निराश नहीं किया। 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव में दिल्ली की जनता ने बीजेपी को सभी 7 सीटों पर विजयी बनाया है।’

जनता है दिल्ली की मालिक

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में अरविंद केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा कि, "आज दिल्ली की जनता ने साफ कर दिया है कि दिल्ली की असली मालिक सिर्फ और सिर्फ दिल्ली की जनता है। जिनको दिल्ली का मालिक होने का घमंड था, उनका सच से सामना हो गया। दिल्ली के इस जनादेश से ये भी स्पष्ट है कि राजनीति में शॉर्टकट के लिए, झूठ और फरेब के लिए कोई जगह नहीं है।"

दिल्ली पर छाई AAP- दा की हार हुई है - मोदी

प्रधनमंत्री ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि, "आप सभी कार्यकर्ता इस विजय के हकदार हैं। मैं भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को इस विजय की बहुत बहुत बधाई देता हूं। आज की ये विजय ऐतिहासिक है। दिल्ली के लोगों ने AAP- दा को बाहर कर दिया है। एक दशक की AAP- दा से दिल्ली मुक्त हुई है। दिल्ली का जनादेश स्पष्ट है – आज दिल्ली में विकास, विजन और विश्वास की जीत हुई है। आज आडंबर, अराजकता, अहंकार और दिल्ली पर छाई AAP- दा की हार हुई है।"

SCROLL FOR NEXT