निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बारासात : बारासात के देगंगा के चाकला ग्राम पंचायत अंतर्गत सिराजपुर गांव के रहने वाले शरीफुल इस्लाम (50) के छोटे बेटे राकीबुल इस्लाम की शादी अभी 15 दिन पहले ही हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद भी राकीबुल का किसी अन्य महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। शनिवार सुबह करीब पांच बजे राकीबुल अचानक अपनी प्रेमिका को साथ लेकर घर आ धमका।
घर में प्रेमिका को देखते ही राकीबुल का अपने बड़े भाई अहसान हबीब के साथ विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों भाइयों के बीच मारपीट होने लगी और स्थिति बेकाबू हो गई।
दोनों बेटों के बीच हो रहे इस हिंसक झगड़े को शांत कराने के लिए पिता शरीफुल इस्लाम बीच में आए। इसी धक्का-मुक्की के दौरान वे अचानक अनियंत्रित होकर जमीन पर गिर पड़े और अचेत हो गए। परिवार के लोग उन्हें तुरंत विश्वनाथपुर ग्रामीण अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, शरीफुल हाई शुगर और दिल की बीमारी से पीड़ित थे। बेटों के झगड़े के तनाव और गिरने की चोट के कारण संभवतः उन्हें दिल का दौरा पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बारासात सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी बेटे राकीबुल इस्लाम को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।