सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

बहू को बेरहमी से पीटा, फिर मुंह में डाल दिया एसिड !

पति , सास व ससुर को बारासात के सासन पुलिस ने किया गिरफ्तार

नि​धि, सन्मार्ग संवाददाता

बारासात: उत्तर 24 परगना के शासन थाना अंतर्गत भाग्यवंतपुर इलाके में दहेज के दानवों ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। महज एक साल पहले ब्याह कर आई एक नवविवाहिता को न केवल बेरहमी से पीटा गया, बल्कि उसके मुंह में तेजाब (एसिड) डालकर उसे जान से मारने की कोशिश की गई। इस जघन्य कांड के आरोप में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता के पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।

शादी के बाद से ही मिल रही थी प्रताड़ना

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, करीब एक साल पहले आलमगीर हुसैन की शादी नसरीन खातून से हुई थी। आरोप है कि निकाह के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए नसरीन पर दबाव बनाने लगे थे। धीरे-धीरे यह दबाव शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न में बदल गया। नसरीन के पिता रसूल अली का आरोप है कि सोमवार की दोपहर को उनकी बेटी को पहले बुरी तरह पीटा गया और फिर सुनियोजित तरीके से उसके मुंह में एसिड उड़ेल दिया गया। आरोपियों ने इसे आत्महत्या का रूप देने की भी कोशिश की।

अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही नसरीन

घटना की खबर मिलते ही मायके वाले मौके पर पहुँचे और लहुलूहान नसरीन को पहले बारसात सरकारी मेडिकल कॉलेज ले गए, जहाँ से गंभीर हालत देखते हुए उसे कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नसरीन की हालत नाजुक बनी हुई है।

पति और सास पुलिस रिमांड पर

शासन थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पति आलमगीर हुसैन, ससुर अक्कास अली और सास अंबिया बीबी को दबोच लिया। मंगलवार को उन्हें बारसात अदालत में पेश किया गया, जहाँ से कोर्ट ने पति और सास को 5 दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया, जबकि ससुर को जेल हिरासत में भेज दिया गया है। इलाके के लोग दोषियों के लिए फांसी जैसी कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।

SCROLL FOR NEXT