नयी दिल्ली : मोहनजोदड़ो की प्रसिद्ध कांस्य प्रतिमा ‘डांसिंग गर्ल’, निजाम के बेशकीमती आभूषण और कोलकाता के भारतीय संग्रहालय की कुछ मूर्तियां दिल्ली में बन रहे युगे युगेन भारत संग्रहालय की ‘अलंकरण’ दीर्घा का हिस्सा होंगी। केंद्रीय संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल ने यह जानकारी दी।
कर्तव्य भवन में सोमवार को आयोजित एक संवाद कार्यक्रम के दौरान विवेक अग्रवाल ने कहा कि नए संग्रहालय में प्रदर्शित की जाने वाली अधिकतर वस्तुएं दिल्ली स्थित राष्ट्रीय संग्रहालय से ली जाएंगी और राष्ट्रीय संग्रहालय की दीर्घाओं का भी नए सिरे से पुनर्गठन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपथ स्थित राष्ट्रीय संग्रहालय को सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना के तहत हटाया नहीं जाएगा और सरकार ने इसे राष्ट्रीय संग्रहालय के रूप में ही बनाए रखने का निर्णय लिया है। करीब 35,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैले इस संग्रहालय में पांच हजार साल से अधिक पुरानी भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी लगभग दो लाख भारतीय और विदेशी वस्तुएं मौजूद हैं। इसकी आधारशिला देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने 12 मई, 1955 को रखी थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 11 नवंबर को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में दिल्ली के नॉर्थ और साउथ ब्लॉक परिसरों के पुनः उपयोग के जरिए युगे युगेन भारत संग्रहालय विकसित करने को मंजूरी दी गई थी। इस परियोजना पर अनुमानित 3,230 करोड़ रुपये खर्च होंगे। अधिकारियों के मुताबिक, दुनिया का सबसे बड़ा संग्रहालय बनने वाले इस संस्थान में आठ विषयगत दीर्घाएं होंगी, जिनमें पांच हजार साल से अधिक की भारत की सभ्यतागत यात्रा को दर्शाया जाएगा। परियोजना को 2031 तक चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। इसकी पहली दीर्घा ‘अलंकरण’ नॉर्थ ब्लॉक में विकसित की जा रही है, जिसके 2027 के उत्तरार्ध में आम लोगों के लिए खुलने की उम्मीद है।
विवेक अग्रवाल ने कहा, ‘राष्ट्रीय संग्रहालय इतिहास का संग्रहालय बना रहेगा, जबकि युगे युगेन भारत संग्रहालय सभ्यता को समर्पित होगा। दोनों की विषयवस्तु में स्पष्ट अंतर होगा।’ उन्होंने बताया कि नए संग्रहालय के लिए देशभर के संग्रहालयों से वस्तुएं जुटाई जा रही हैं। संस्कृति मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय संग्रहालयों, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के 52 स्थल संग्रहालयों, विभिन्न राज्य संग्रहालयों और निजी संग्रहों से करीब 18 लाख वस्तुओं की पहचान की गई है।
उन्होंने कहा कि नए संग्रहालय की पहली दीर्घा में एक हजार से अधिक वस्तुएं प्रदर्शित की जाएंगी। इनमें भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की तिजोरियों में रखे निजाम के आभूषण, राष्ट्रीय संग्रहालय के तक्षशिला के आभूषण, लघु चित्रकला संग्रह के कुछ नमूने, भारतीय संग्रहालय की मूर्तियां और गांधार कला की मूर्तियां शामिल हैं। प्रयागराज संग्रहालय से भी कुछ वस्तुएं लाई जाएंगी। करीब 4,500 साल पुरानी ‘डांसिंग गर्ल’ प्रतिमा को ‘अलंकरण’ दीर्घा का प्रमुख आकर्षण बनाया जाएगा।
विवेक अग्रवाल ने कहा कि यह प्रतिमा उस दौर में महिलाओं द्वारा पहने जाने वाले आभूषणों और सजावटी वस्तुओं की जानकारी देने वाली सबसे शुरुआती कलाकृतियों में से एक है। अग्रवाल ने कहा कि राष्ट्रीय संग्रहालय में फिलहाल केवल 10 प्रतिशत वस्तुएं ही प्रदर्शित हैं, जबकि शेष 90% भंडारण में रखी हैं। उन्होंने कहा कि पहले युगे युगेन भारत संग्रहालय की दीर्घाओं को तैयार किया जाएगा और उसके बाद राष्ट्रीय संग्रहालय की विषयवस्तु के अनुरूप वस्तुओं का नए सिरे से चयन और प्रदर्शन किया जाएगा। नॉर्थ ब्लॉक में पहले गृह मंत्रालय और वित्त मंत्रालय समेत केंद्र सरकार के कई कार्यालय स्थित थे, जबकि साउथ ब्लॉक में रक्षा मंत्रालय और विदेश मंत्रालय के कार्यालय थे। इन मंत्रालयों को इंडिया गेट परिसर के पास नवनिर्मित कर्तव्य भवनों में स्थानांतरित किया जा चुका है।