सांकेतिक फोटो  REP
टॉप न्यूज़

हावड़ा: 16 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन की टक्कर से साइकिल सवार की मौत

नि​धि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा: हावड़ा में 16 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-16) के कोलकाता जाने वाले लेन पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक साइकिल सवार की जान चली गई। न्यू करोला फ्लाईओवर पर नियंत्रण खो चुके एक गैस सिलेंडर लदे छोटे मालवाहक वाहन ने साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया था।

अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल व्यक्ति को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मृतक की पहचान हरिदास पोल्ये (45) के रूप में हुई है, जो उदय नारायणपुर के रहने वाले थे। पुलिस की शुरुआती जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि सोमवार सुबह वह हमेशा की तरह अपने काम पर जा रहे थे, तभी इस घातक हादसे का शिकार हो गए।

घातक वाहन को पुलिस ने किया जब्त

इस दर्दनाक घटना के बाद दुर्घटनास्थल पर कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दुर्घटना को अंजाम देने वाले घातक मालवाहक वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच शुरू कर दी है।

SCROLL FOR NEXT