सांकेतिक 
टॉप न्यूज़

दुनिया में सबसे ज्यादा साइबर अटैक भारतीय यूजर्स पर

स्पेन और ब्राजील भी छूटे पीछे, हर पांचवां भारतीय साइबर अटैक का शिकार

नयी दिल्ली : दुनिया में सबसे ज्यादा साइबर हमलों का सामना भारत को करना पड़ रहा है। बात सुनने में अटपटी भले ही लगे लेकिन है सच। साइबर गड़बड़ी करने वालों के निशाने पर सबसे ज्यादा भारत है। इस मामले में ब्राजील और स्पेन भी भारत से काफी पीछे छूट गये हैं। दुनिया में साइबर हमले का शिकार होने वालों हर पांचवां साइबर यूजर भारतीय है।

विडोंज डिवाइस से साइबर क्राइम सबसे ज्यादा भारतीय यूजर्स के साथ

साइबर सुरक्षा कंपनी ‘एक्रोनिस साइबरथ्रेट’ ने अपनी रिपोर्ट में यह खुलासा करते हुए दावा किया है कि विडोंज डिवाइस से साइबर क्राइम सबसे ज्यादा भारतीय यूजर्स के साथ होता है। भारत में मई, 2025 में विंडोज ऑपरेटिंग सिस्टम पर चलने वाले 12.4 फीसदी डिवाइसों में मैलवेयर का पता चला था, जो दुनिया में सबसे अधिक है। वहीं जून में यह आंकड़ा बढ़कर 13.2 फीसदी हो गया।

ई-मेल पर हो रहा सबसे ज्यादा हमला

‘एक्रोनिस साइबरथ्रेट’ की रिपोर्ट में चेतावनी दी गयी है कि भारत के डिजिटल इकोसिस्टम पर एक साथ कई बड़े खतरे मंडरा रहे हैं, जो मिलकर एक भयानक स्थिति बना सकते हैं। गौरतलब है कि यह रिपोर्ट लैपटॉप और मोबाइल फोन जैसे दस लाख से अधिक ग्लोबल डिवाइसों से मिली जानकारी पर आधारित है। एक्रोनिस की रिपोर्ट के अनुसार 2024 की शुरुआत में आधिकारिक ई-मेल पर साइबर हमले 20 फीसदी से बढ़कर 2025 में 25.6 फीसदी हो गये हैं। साइबर सुरक्षा फर्म ने बताया है कि इसका कारण साइबर अपराधियों द्वारा जरूरी जानकारी जैसे पासवर्ड या क्रेडिट कार्ड डिटेल पाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) डिवाइस का इस्तेमाल करना है।

हमलावर ले रहे एआई का सहारा

एक्रोनिस की रिपोर्ट में कहा गया है कि जेनरेटिव एआई ने हमलावरों के लिए बाधाओं को कम कर दिया है। इससे फिशिंग ई-मेल, नकली चालान और यहां तक कि डीपफेक पर आधारित घोटाले सस्ते, तेज और पता लगाने में कठिन हो गये हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि कलॉप, अकीरा और क्यूलिन जैसे रैंसमवेयर कार्टेल ने दुनिया भर में अपनी गतिविधयों को बढ़ा दिया है और अपराधी मैलवेयर फैलाने के लिए रिमोट मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर जैसी डिवाइसों का ज्यादा इस्तेमाल कर रहे हैं।

एआई से नकली ई-मेल और मैसेज

साइबर अपराधी अब नकली ई-मेल और मैसेज भेजने के लिए एआई का उपयोग कर रहे हैं। इससे लोगों को धोखा देना आसान हो गया है। वे लोगों से उनकी प्राइवेट जानकारी जैसे पासवर्ड और क्रेडिट कार्ड नंबर चुरा लेते हैं। भारत में साइबर हमलों का खतरा समय के साथ-साथ बढ़ता ही जा रहा है।

इन सेक्टरों में सबसे ज्यादा खतरा

भारत में मैन्युफैक्चरिंग, आईटी और टेलीकॉम सेक्टर में साइबर हमले का खतरा सबसे ज्यादा है। साइबर अपराधी रैंसमवेयर का इस्तेमाल करके लोगों के कंप्यूटर को लॉक कर देते हैं और फिरौती मांगते हैं। एक्रोनिस कंपनी का कहना है कि साइबर हमलों से बचने के लिए सिर्फ सावधानी बरतना काफी नहीं है। अगर हमला हो जाये तो जल्दी से ठीक होना भी जरूरी है।

SCROLL FOR NEXT