बर्गी डैम पर एक खुशी भरा पर्यटन सफर अचानक मातम में बदल गया, जब मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग का एक क्रूज़ नर्मदा नदी के बैकवॉटर में पलट गया। इस हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, करीब 30 पर्यटकों को लेकर जा रहा यह क्रूज़ अचानक तेज हवाओं की चपेट में आ गया। मौसम में अचानक बदलाव के कारण संतुलन बिगड़ा और नाव डूब गई।
चौंकाने वाली बात यह है कि हादसे से पहले ही भारत मौसम विज्ञान विभाग ने जबलपुर के लिए येलो अलर्ट जारी किया था। इसमें 40–50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई थी, फिर भी क्रूज़ को पानी में रहने की अनुमति दी गई।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हादसे के तुरंत बाद रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। यह ऑपरेशन कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में चल रहा है।बचाए गए सभी लोगों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
लापता लोगों की तलाश जारी
SDRF और अन्य विशेष टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। बैकवॉटर में अभी भी लापता यात्रियों की तलाश की जा रही है।
मुआवजे का ऐलान
राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।