टॉप न्यूज़

नये साल की अगवानी के लिए महानगर में उमड़ा सैलाब

साल के अंतिम दिन पूरे कोलकाता में दिखा उत्सव का माहौल

एक नजर इन आंकड़ों पर

विक्टोरिया मेमोरियल - 21,261

अलीपुर जू - 27,500

इंडियन म्यूजियम - 5,600

अलीपुर म्यूजियम - 2,000

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : साल 2025 को अलविदा कहने और नए साल 2026 के स्वागत की तैयारी के लिए साल के आखिरी दिन बुधवार को महानगर पूरी तरह उत्सव के रंग में रंग गया। साल के आखिरी दिन शहर की सड़कों से लेकर ऐतिहासिक स्थलों और प्रमुख पर्यटन स्थलों तक लोगों की भारी भीड़ रही। सुबह से ही महानगर में चहल-पहल बढ़ने लगी थी और शाम होते-होते जश्न अपने पूरे शबाब पर आ गया। देश-विदेश से आए सैलानी नए साल के आने की खुशी में रंग गए। लोग कहीं परिवार के साथ घूमने और खाने पीने का आनंद उठा रहे थे तो कहीं दोस्तों के साथ तस्वीरें और वीडियो बनाकर साल के आखिरी पलों को यादगार बना रहे थे।

पार्क स्ट्रीट से मैदान तक दिखा जश्न का माहौल

महानगर के प्रमुख पर्यटन स्थल इंडियन म्यूजियम, अलीपुर म्यूजियम, अलीपुर जू, विक्टोरिया मेमोरियल, नेहरू चिल्ड्रेन म्यूजियम, मिलेनियम पार्क, मैदान और पार्क स्ट्रीट जैसे स्थान पर्यटकों से गुलजार रहे। खासतौर पर पार्क स्ट्रीट में शाम ढलते ही रौनक अपने चरम पर पहुंच गई। रंग-बिरंगी लाइटों से सजे कैफे, रेस्टोरेंट और मॉल आदि पर लोगों की भारी भीड़ जमी रही। देर रात तक यह सिलसिला चलता रहा। वहीं मैदान और मिलेनियम पार्क जैसे खुले इलाकों में भी बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए। परिवारों की भीड़ के कारण यहां पिकनिक जैसा माहौल बना रहा और बच्चे बेफिक्र हो कर खेलते रहे।

पर्यटन स्थल पर आए पर्यटकों ने कहा

विक्टोरिया मेमोरियल घूमने आई रोशनी झा ने बताया कि 31 दिसंबर को कोलकाता की रौनक कुछ अलग ही होती है। उनके अनुसार नए साल की पूर्व संध्या पर महानगर की रोशनी, लोगों का उत्साह और चारों ओर फैली खुशियों की ऊर्जा दिल को छू लेती है। हर साल यह शहर नए साल के स्वागत को खास और यादगार बना देता है। वहीं माला राय ने कहा कि साल के आखिरी दिन महानगर की सड़कों और पर्यटन स्थलों पर जो चहल-पहल देखने को मिलती है, वह किसी उत्सव से कम नहीं होती है। कुल मिलाकर, 31 दिसंबर को महानगर ने एक बार फिर साबित कर दिया कि नए साल के जश्न के लिए यह सैलानियों की पहली पसंद है। देर रात तक पूरा शहर उत्साह, उमंग और नई उम्मीदों के साथ 2026 के स्वागत में जुटा रहा।

SCROLL FOR NEXT