सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कोलकाता ब्वॉयज स्कूल (CBS) ने अपने वार्षिक संगीत कार्यक्रम ‘क्रेस्केंडो 2026’ के माध्यम से रचनात्मकता, संगीत और रंगमंच का भव्य उत्सव मनाया। स्कूल के मुख्य परिसर में 6 और 7 अगस्त को आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस वर्ष यह आयोजन ‘द एन्चांटेड फॉरेस्ट - ए जर्नी बियॉन्ड द ऑर्डिनरी इनटू ए वर्ल्ड वेयर मैजिक कम्स अलाइव’ विषय पर आधारित था। इस मंच के जरिए विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा, संगीत, नाटक और जीवंत प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत ‘द प्रेयर’ की संगीतमय प्रस्तुति के साथ हुई। इसके बाद सीबीएसई (CBS) कॉयर द्वारा प्रस्तुत रबींद्र संगीत ‘मम चित्ते नीति नृत्ये’ और ‘पीपल ऑल ओवर द वर्ल्ड’ की मनमोहक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। आयोजन का मुख्य आकर्षण स्कूल का मूल नाटक ‘द एन्चांटेड वुड्स’ रहा, जिसमें पीटर पैन, स्नो वाइट और लिटिल रेड राइडिंग हुड जैसे काल्पनिक पात्रों का अनूठा संगम देखने को मिला। बाल कलाकारों ने अपने अभिनय से न केवल उत्कृष्ट मंच कला का प्रदर्शन किया, बल्कि सहानुभूति और साहस जैसे नैतिक मूल्यों का संदेश भी दिया।
मुख्य अतिथि एवं लोरेटो कॉलेज की शिक्षिका-प्रभारी डॉ. सिस्टर ए. निर्मला ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा, "बच्चों के सपनों पर विश्वास करने के लिए धन्यवाद। शिक्षा के साथ-साथ सहानुभूति एक ऐसा जीवन कौशल है जिसे पोषित करना आवश्यक है, और नाटक ने इस संदेश को बहुत ही सुंदर ढंग से पेश किया।"
इसके उपरांत, कॉयर ने ‘ए मिलियन ड्रीम्स’ और ‘सेंड इट ऑन’ गीतों की ऊर्जावान प्रस्तुति से समां बांधा। कार्यक्रम का समापन स्कूल गीत, राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ।
स्कूल के प्राचार्य एवं सचिव राजा मैक्गी ने कहा, "हमारे जीवन की हर सीख हमें अधिक समझदार और अनुभवी बनाती है, और बच्चों ने इस नाटक के माध्यम से इसी संदेश को दर्शाया है। मैं अभिभावकों का आभार व्यक्त करता हूं जो संस्थान पर निरंतर विश्वास बनाए रखते हैं और बच्चों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।"
‘क्रेस्केंडो 2026’ के सफल आयोजन ने यह साबित कर दिया कि कोलकाता बॉयज़ स्कूल किताबी ज्ञान के साथ-साथ कलात्मक उत्कृष्टता, आत्मविश्वास और नैतिक मूल्यों के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।