टॉप न्यूज़

भारत में इजरायल के लिए ‘पागलों जैसा समर्थन’! नेतन्याहू के बयान से मची चर्चा

भारत-इजरायल दोस्ती पर नेतन्याहू का बड़ा दावा

वेस्ट बैंक: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक बार फिर भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने रिश्तों को लेकर बड़ा बयान दिया है। वेस्ट बैंक में आयोजित एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए नेतन्याहू ने कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में इजरायल को विरोध का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन भारत में इजरायल के लिए “पागलों जैसा समर्थन” देखने को मिलता है।

नेतन्याहू ने कहा, “भारत जैसे बड़े और ताकतवर देश के साथ इजरायल का एक अनोखा रिश्ता है। दुनिया के कई देशों में हमारे खिलाफ माहौल है, लेकिन भारत में ऐसा नहीं है। वहां इजरायल के लिए जबरदस्त समर्थन है।”

उन्होंने आगे दावा किया कि सोशल मीडिया पर इजरायल को सबसे ज्यादा समर्थन भारत से मिलता है। नेतन्याहू ने कहा, “मुझे लगता है कि भारत से हमारे सबसे ज्यादा फॉलोअर्स हैं।”

यह पहला मौका नहीं है जब इजरायली प्रधानमंत्री ने भारत में अपनी लोकप्रियता का जिक्र किया हो। इससे पहले भी वह अपनी 2018 की भारत यात्रा को “लव फेस्ट” बता चुके हैं। उन्होंने कहा था कि भारतीयों में इजरायल के प्रति बेहद सम्मान है और पीएम मोदी को भी इजरायल में काफी प्यार मिला था।

नेतन्याहू का यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका समेत कई पश्चिमी देशों में इजरायल की छवि को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हाल ही में जारी Pew Research Center की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में इजरायल को लेकर नकारात्मक सोच बढ़ी है। रिपोर्ट के अनुसार, 60 प्रतिशत अमेरिकी नागरिकों की राय इजरायल के प्रति प्रतिकूल है।

इसी बीच नेतन्याहू ने अपनी घटती लोकप्रियता के लिए पाकिस्तान को भी जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान से संचालित “सोशल मीडिया बॉट फार्म” अमेरिका में इजरायल विरोधी माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

नेतन्याहू ने कहा, “कुछ देश अमेरिका-इजरायल गठबंधन को कमजोर करना चाहते हैं। सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट्स के जरिए प्रचार किया जा रहा है। देखने में लगता है कि कोई अमेरिकी नागरिक पोस्ट कर रहा है, लेकिन जांच करने पर पता चलता है कि वह पाकिस्तान के किसी बेसमेंट से ऑपरेट हो रहा है।”

SCROLL FOR NEXT