टॉप न्यूज़

फर्जी B.Ed. कॉलेजों पर शिकंजा, 15 दिन में जवाब तलब

300 शिक्षकों ने 150 टीमों में की सर्जिकल स्ट्राइक

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : बाबा साहब अंबेडकर एजुकेशन यूनिवर्सिटी ने फर्जीवाड़े में लिप्त प्राइवेट B.Ed. कॉलेजों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। राज्य में कागजों पर 601 प्राइवेट B.Ed. कॉलेज दर्ज हैं, लेकिन इनमें से कई संस्थानों में पढ़ाई के नाम पर बड़ा खेल चल रहा था और पैसे के बदले डिग्री देने का रैकेट सक्रिय होने के आरोप हैं। इन पर नकेल कसने के लिए उच्च शिक्षा विभाग और यूनिवर्सिटी ने दो-सदस्यीय 150 टीमों का गठन किया, जिसमें 300 शिक्षकों और अधिकारियों ने 'सर्जिकल स्ट्राइक' अभियान के तहत 28 जुलाई से औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे हुए, जैसे कॉलेज के पता पर प्राइमरी स्कूल चलना या परिसरों में युवाओं का ताश खेलना।

कार्रवाई और दाखिले पर रोक की चेतावनी

निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर बनी छह-सदस्यीय स्पेशल कमेटी की बैठक में यह कड़ा फैसला लिया। विकास भवन से मिली रिपोर्ट में क्लासरूम और बुनियादी ढांचे की भारी कमियां पाई गई हैं। यूनिवर्सिटी अब सभी दोषी कॉलेजों को कमियों की सूची भेजकर 15 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांग रही है। तय समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर यूनिवर्सिटी मौजूदा शैक्षणिक सत्र के लिए उन कॉलेजों की एडमिशन प्रक्रिया की मंजूरी रद्द कर देगी। अधिकारियों ने साफ किया है कि उनका मकसद कॉलेज बंद करना नहीं, बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करना है, इसलिए कमियां दूर होने तक छात्रों के प्रवेश पर सख्त पाबंदी रहेगी।

SCROLL FOR NEXT