सांकेतिक फोटो  REP
टॉप न्यूज़

हालीशहर नगरपालिका में सीपीएम और बीएमएस समर्थकों में झड़प

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हालीशहर : हालीशहर नगरपालिका में कर्मचारियों की बकाया पेंशन और लंबित वेतन की मांग को लेकर सोमवार को ज्ञापन सौंपने पहुंचे सीपीएम कार्यकर्ताओं का भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के समर्थकों ने तीखा विरोध किया। इस दौरान नगरपालिका परिसर के बाहर दोनों पक्षों के बीच जमकर नारेबाजी हुई, जिससे माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया। विरोध प्रदर्शन के दौरान बीएमएस कार्यकर्ताओं ने नगरपालिका के मुख्य द्वारों को बंद कर दिया और सीपीएम प्रतिनिधियों को भीतर जाने से रोक दिया।

तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात

बीएमएस का आरोप है कि सीपीएम केवल राजनीतिक लाभ उठाने के लिए यह प्रदर्शन कर रही है, जबकि कर्मचारियों की समस्याओं से स्थानीय विधायक को पहले ही अवगत कराया जा चुका है। बीएमएस समर्थकों ने सीपीएम की मंशा पर सवाल उठाते हुए उन्हें परिसर में प्रवेश करने से रोकने की पूरी कोशिश की। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस और स्थानीय भाजपा नेताओं के बीच-बचाव के बाद स्थिति को संभाला गया, जिसके बाद सीपीएम का एक प्रतिनिधिमंडल नगरपालिका परिसर के भीतर जा सका। हालांकि, बीएमएस के समर्थक लगातार दोनों द्वारों पर डटे रहे। आखिरकार, भारी पुलिस सुरक्षा के बीच सीपीएम प्रतिनिधियों ने नगरपालिका अधिकारियों को अपना मांग पत्र सौंपा।

SCROLL FOR NEXT