भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) पोर्ट ब्लेयर सिटी एरिया कमेटी ने 11 नवम्बर शाम को चाथम पुलिस स्टेशन के पास स्थित चाथम पुल के प्रवेश द्वार पर एक विशाल प्रदर्शन करते हुए 
टॉप न्यूज़

चाथम पुल की मरम्मत की मांग पर माकपा ने किया प्रदर्शन

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) पोर्ट ब्लेयर सिटी एरिया कमेटी ने 11 नवम्बर शाम को चाथम पुलिस स्टेशन के पास स्थित चाथम पुल के प्रवेश द्वार पर प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में चाथम पुल की तुरंत मरम्मत, ऑटो रिक्शा को 2 से 3 यात्रियों के साथ पुल पर चलाने की अनुमति देने और पुल की मौजूदा स्थिति के लिए जिम्मेदार परिस्थितियों की जांच की मांग की गयी। प्रदर्शन की शुरुआत करते हुए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) अंडमान एवं निकोबार राज्य आयोजन समिति के सचिव डी. अय्यप्पन ने केंद्र की मोदी सरकार और अंडमान एवं निकोबार प्रशासन की आलोचना की। उन्होंने कहा कि चाथम पुल को पिछले चार महीनों से वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है, जिससे आम जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। चाथम द्वीप और हड्डो को जोड़ने वाला यह पुल अंडमान लक्षद्वीप हार्बर वर्क्स द्वारा वर्ष 1975 में निर्मित किया गया था और तब से अंडमान लक्षद्वीप हार्बर वर्क्स इसका रखरखाव कर रही थी।

वर्ष 2021 में केंद्र सरकार और अंडमान प्रशासन ने इस पुल का रखरखाव अंडमान लक्षद्वीप हार्बर वर्क्स से लेकर अंडमान लोक निर्माण विभाग को सौंप दिया। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से पुल की उचित मरम्मत या रखरखाव नहीं किया गया, जिसके कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। सभा को संबोधित करते हुए पी. सत्यपाल, सचिव, सीपीआई (एम) पोर्ट ब्लेयर सिटी एरिया कमेटी ने ग्रामीण दक्षिण अंडमान क्षेत्रों के हजारों लोगों को होने वाली कठिनाइयों का उल्लेख किया, जो प्रतिदिन चाथम पुल से होकर गुजरते हैं। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ग्रामीण दक्षिण अंडमान के सचिव डी. लक्ष्मण राव ने प्रशासन से आग्रह किया कि वह शीघ्र आवश्यक मरम्मत कार्य आरंभ कर पुल को पुनः वाहनों के लिए खोल दे। उन्होंने यह भी मांग की कि प्रतिबंधों के साथ ऑटो रिक्शा को पुल पर चलने की अनुमति दी जाए। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता प्रणब बनर्जी, राज्य आयोजन समिति के सदस्य एस.पी. कलैराजन तथा सिटी एरिया कमेटी के सदस्य एन.के.पी. नायर ने भी सभा को संबोधित किया। बड़ी संख्या में लोग इस विशाल प्रदर्शन में शामिल हुए।

SCROLL FOR NEXT