टॉप न्यूज़

नेपाल से लौटे दंपति ने सुनाई खौफनाक दास्तां

“हमने देखा कि दुकानें तेजी से बंद हो रही थीं और स्कूल के बच्चे पहाड़ी की ओर भाग रहे थे।”

कोलकाता : नेपाल में अचानक आई बाढ़ से प्रभावित इलाके के पास मौजूद पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के बशीरहाट निवासी एक दंपति रविवार को सुरक्षित घर लौट आया। उन्होंने अपने सकुशल लौटने से पहले गुजरे कई दिनों की बेचैनी और भयावह अनुभव साझा किये। एक यात्रा एजेंसी के माध्यम से मानसरोवर की यात्रा पर गए 17 तीर्थयात्रियों के एक समूह में शामिल सेवानिवृत्त स्कूल शिक्षक अनुकूल पोद्दार और उनकी पत्नी रीबा रॉय पोद्दार ने बताया कि उनके यात्रा प्रबंधक को आपदा की खबर मिली और चालक ने समय रहते वाहन पीछे मोड़ लिया। दंपति ने पत्रकारों को बताया कि यह समूह रासुवा से वाहन से लगभग डेढ़ घंटे की दूरी पर था। रासुवा में 26 अगस्त को बाढ़ ने भारी तबाही मचाई थी। रीबा ने कहा, “हम सुबह करीब 6:30 बजे बंगाली और दक्षिण भारतीय पर्यटकों को ले जा रहे गाड़ियों के काफिले के साथ निकले थे। यात्रा शुरू होने के लगभग दो घंटे बाद, हमारे ड्राइवर ने दूर पहाड़ी से नीचे गिरता हुआ पानी देखा, और उसके बाद नदी में नीचे की ओर बढ़ता हुआ सफेद धुएं जैसा कुछ दिखाई दिया।” उन्होंने कहा, “हमने लोगों को भागते और बच्चों को रोते हुए देखा। तभी हमें एहसास हुआ कि कुछ बहुत बुरा हुआ है।” चालक ने गाड़ी को ऊंची जगह पर पहुंचाया। इस बीच प्रबंधक को फोन पर पता चला कि आव्रजन कार्यालय के रास्ते में पड़ने वाला एक पुल अचानक आई बाढ़ में बह गया था, जिससे आगे का सफर बाधित हो गया।

उन्होंने कहा, “हमने देखा कि दुकानें तेजी से बंद हो रही थीं और स्कूल के बच्चे पहाड़ी की ओर भाग रहे थे।” अनुकूल ने बताया कि उन्होंने 27 अगस्त को तिब्बत में दाखिल होने की योजना बनाई थी, लेकिन घर लौटते समय शुक्रवार को वे बिहार की सीमा से सटे नेपाल के शहर वीरगंज पहुंच गए। बशीरहाट उपमंडल के प्रशासन ने हालांकि उन्हें पटना से कोलकाता के लिए उड़ान लेने की सलाह दी थी, लेकिन उन्होंने कहा कि उनमें रक्सौल से पटना तक यात्रा करने की हिम्मत नहीं थी, और उन्होंने बाकी समूह के साथ ट्रेन से ही वापस लौटना बेहतर समझा। वे रविवार को मिथिला एक्सप्रेस से हावड़ा स्टेशन पहुंचे और वहां बशीरहाट पुलिस थाने की एक टीम ने उनकी अगवानी की, जिसने राज्य सरकार की व्यवस्था के तहत उन्हें घर तक पहुंचाया।

SCROLL FOR NEXT