निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा के उलूबेड़िया अंतर्गत कुलगछिया सुपर मार्केट में रविवार को उलूबेड़िया दक्षिण 6 नंबर भाजपा मंडल द्वारा रक्तदान शिविर और बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। शिविर में 100 से अधिक लोगों ने रक्तदान किया। हालांकि, यह आयोजन तब विवादों में घिर गया जब आयोजकों द्वारा प्रत्येक रक्तदाता को मिठाई के साथ 'वाटर फिल्टर' उपहार स्वरूप दिया गया। विरोधी दलों ने आरोप लगाया कि 2007 के स्वैच्छिक रक्तदान दिशानिर्देशों के अनुसार रक्तदाताओं को कोई कीमती या दैनिक उपयोग की वस्तु उपहार में देना नियमों का उल्लंघन है।
स्वच्छ पानी की समस्या के कारण बांटे गए फिल्टर: भाजपा
विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा हावड़ा ग्रामीण जिला के महासचिव गौतम मुखर्जी ने आरोपों को खारिज किया। उन्होंने सफाई दी कि उलूबेड़िया दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों में लंबे समय से पीने के स्वच्छ पानी की भारी किल्लत है। इसी को ध्यान में रखते हुए कार्यकर्ताओं के सहयोग से रक्तदाताओं के स्वास्थ्य और जनहित में वाटर फिल्टर प्रदान किए गए हैं।