मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI) में तनाव चरम पर पहुंच गया है, जहां प्रशासन ने शुक्रवार को आरोप लगाते हुए कहा कि धरने के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों के एक उग्र समूह ने एक सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की। हालांकि, आंदोलनकारी छात्रों ने इस गंभीर आरोप को सिरे से खारिज करते हुए इसे क्लास बहिष्कार वापस लेने के लिए प्रशासन द्वारा बनाया जा रहा दबाव करार दिया है। गौरतलब है कि शुक्रवार को छात्रों के इस क्लास बहिष्कार का लगातार 11वां दिन था, जिससे संस्थान की शैक्षणिक गतिविधियां पूरी तरह से ठप पड़ी हुई हैं। छात्रों ने दो टूक शब्दों में स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उन्हें कैंपस के भीतर सुरक्षित माहौल मिलने का ठोस भरोसा नहीं मिलता, तब तक उनका यह अनिश्चितकालीन आंदोलन पूरी ताकत के साथ जारी रहेगा।
सुरक्षा की गारंटी पर अड़े छात्र, पढ़ाई ठप
प्रशासन और छात्रों के बीच चल रहे इस टकराव ने संस्थान में असहज हालात पैदा कर दिए हैं। SRFTI के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कुछ छात्र हॉस्टल में रहकर फिल्म निर्माण की शैक्षणिक गतिविधियों से दूरी बनाए हुए हैं और अन्य साथियों पर भी दबाव डाल रहे हैं, जिसके बाद अनुशासनहीनता के मामलों में कार्रवाई की गई है। वहीं, केंद्र सरकार के इस संस्थान के प्रदर्शनकारी छात्रों ने अधिकारियों से सीधी बातचीत की मांग की है। छात्रों का कहना है कि वे पढ़ाई शुरू करने को तैयार हैं, बशर्ते उन्हें कैंपस के अंदर सुरक्षा की प्रशासनिक गारंटी दी जाए।