टॉप न्यूज़

जादवपुर विश्वविद्यालय मुख्य छात्रावास में पूर्व छात्र की एंट्री पर विवाद

2023 रैगिंग आरोपी समेत पांच पूर्व छात्रों पर गार्ड को धमकाने का आरोप

कोलकाता : Jadavpur University के मेन हॉस्टल में पूर्व छात्रों की कथित घुसपैठ को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। ए1 और ए2 ब्लॉक के अधीक्षक ने विश्वविद्यालय प्रशासन को पत्र लिखकर शिकायत की है कि मंगलवार रात पांच पूर्व छात्र परिसर में दाखिल हुए और गेट पर रजिस्टर में हस्ताक्षर करने के लिए कहने पर सुरक्षा कर्मियों से दुर्व्यवहार किया।

अधीक्षक के पत्र के अनुसार, इन पांच में से एक पूर्व छात्र अंतरराष्ट्रीय संबंध विभाग का है, जिस पर 2023 में बांग्ला विभाग के एक फ्रेशर के साथ रैगिंग मामले में विश्वविद्यालय की जांच समिति ने आरोप तय किए थे। गार्डों ने जब प्रवेश से पहले रजिस्टर में हस्ताक्षर करने को कहा, तो आरोपी ने हस्ताक्षर से इनकार कर दिया और कथित तौर पर कहा कि “यह मेन हॉस्टल का गेट है, विश्वविद्यालय का नहीं,” साथ ही गार्डों को धमकाया।

उक्त छात्र को 2023 में एक सेमेस्टर के लिए निलंबित किया गया था और छात्रावास से स्थायी रूप से निष्कासित किया गया था। हालांकि, उसने अदालत का दरवाजा खटखटाया था।

अगस्त 2023 में हुए रैगिंग कांड के बाद हॉस्टल में पूर्व छात्रों के रहने का मुद्दा सामने आया था। विश्वविद्यालय की आंतरिक जांच में पता चला था कि घटना के समय 28 पूर्व छात्र मेन हॉस्टल में रह रहे थे। उस मामले में छह पूर्व छात्रों और छह वर्तमान छात्रों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था।

एक अन्य पत्र में अधीक्षक ने उल्लेख किया है कि दो पूर्व छात्र अभी भी ए1 ब्लॉक में रह रहे हैं और बार-बार कहने के बावजूद कमरा खाली नहीं कर रहे हैं।

कुलपति चिरंजीब भट्टाचार्य ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि केवल वैध बोर्डर ही छात्रावास में रहेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी अनियमितता पर कड़ी कार्रवाई होगी और एंटी-रैगिंग स्क्वॉड को मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर रजिस्ट्रार और कुलपति स्वयं हॉस्टल का दौरा करेंगे।

SCROLL FOR NEXT