सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कोलकाता में बुधवार की रात से हो रही भारी बारिश ने जन-जीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार को सुबह से रुक-रुक कर हो रही लगातार बारिश ने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दीं। एक ओर बारिश तो दूसरी ओर ट्रैफिक जाम के साथ ही खराब सड़कों ने कोढ़ में खाज का काम कर दिया। ऐसी स्थिति में सुबह ऑफिस जाने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही उत्तर व मध्य कोलकाता में अधिक जलजमाव देखा गया। नतीजतन, वाहन रेंगते नजर आये।
इन सड़कों पर दिखा अधिक जलजमाव
गुरुवार को कॉलेज स्ट्रीट, ठनठनिया कालीबाड़ी, बी. बी. गांगुली स्ट्रीट, बहूबाजार, बेहला, गार्डनरिच और मटियाब्रुज व अन्य सड़कों पर जलजमाव देखा गया। इसके अलावा बी. टी. रोड, सोदपुर इलाके में कई दिनों से जलजमाव जैसी स्थिति बनी हुई है। उत्तर से लेकर दक्षिण कोलकाता के कुछ हिस्सों में भी यही स्थिति देखी गयी। इससे यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। मौसम विभाग ने फिलहाल किसी प्रकार की राहत की भविष्यवाणी नहीं की है।
आरजी कर अस्पताल परिसर रहा जलमग्न
लगातार बारिश से आरजी कर अस्पताल परिसर जलमग्न हो गया है। चारों तरफ पानी भर जाने से मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह का नजारा ऐसा था कि अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे लोग पानी में चलते दिखे। कई परिजन तो मरीजों को गोद में उठाकर अस्पताल के अंदर ले जाते नजर आए। बारिश का पानी न केवल मुख्य द्वार, बल्कि पूरा परिसर में देखा गया। इससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं। अस्पताल आने-जाने वाले लोग कीचड़ और गंदे पानी से गुजर कर जाने को मजबूर थे। इसके अलावा परिजन अपने मरीज को व्हील चेयर पर अस्पताल के अंदर ले जाते नजर आए।