टॉप न्यूज़

"Rohit Sharma मोटा है"- कांग्रेस प्रवक्ता ने Semi-Final से पहले भारतीय कप्तान को लेकर दिया विवादित बयान

सोशल मीडिया पर मचा हंगामा

Rohit Singh

नई दिल्ली - कांग्रेस की प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा को लेकर एक विवादित बयान दिया है। उन्होंने रोहित को 'मोटा खिलाड़ी' कहकर उनके वजन पर टिप्पणी की और कहा कि उन्हें अपना वजन कम करने की जरूरत है। इसके अलावा, शमा मोहम्मद ने रोहित की कप्तानी को भी 'बेअसर' करार दिया।

हालांकि, विवाद बढ़ता देख उन्होंने यह पोस्ट सोशल मीडिया से हटा दिया, लेकिन तब तक यह तेजी से वायरल हो चुका था। इस बयान पर रोहित शर्मा के प्रशंसकों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और सोशल मीडिया पर कांग्रेस प्रवक्ता की आलोचना शुरू हो गई।

अपने बचाव में क्या कहा कांग्रेस प्रवक्ता ने

अपने बचाव में, शमा मोहम्मद ने कहा कि उनकी बात सिर्फ सामान्य थी। उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता होने के बावजूद उनकी टिप्पणी पर सवाल क्यों उठाए जा रहे हैं।

भाजपा ने किया पलटवार

भाजपा ने भी कांग्रेस प्रवक्ता के इस बयान पर कड़ी नाराजगी जताई। पार्टी के प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा, "कांग्रेस को शर्म आनी चाहिए! अब वे भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान को निशाना बना रहे हैं। क्या वे यह चाहते हैं कि भारतीय राजनीति में असफल होने के बाद राहुल गांधी अब क्रिकेट में अपनी किस्मत आजमाएं?"

भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने भी कांग्रेस पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा, "जो लोग खुद राहुल गांधी के नेतृत्व में 90 चुनाव हार चुके हैं, वे अब रोहित शर्मा की कप्तानी पर सवाल उठा रहे हैं। उनकी कैप्टेंसी में कांग्रेस को दिल्ली में छह बार करारी शिकस्त मिली है। पहले अपनी हार को संभालिए और अपने नेता पर ध्यान दीजिए।"

सोशल मीडिया पर हो रहा है हल्ला

सोशल मीडिया पर रोहित शर्मा के फैंस ने कांग्रेस प्रवक्ता की क्लास लगा दी। एक यूजर ने लिखा, "इस बात से अधिक महत्वपूर्ण यह है कि जब भारतीय टीम और उसके कप्तान को फैंस के सपोर्ट की जरूरत है तब एक पार्टी की नेता इस तरह की बॉडी शेमिंग करती हैं।"

SCROLL FOR NEXT