वीरप्पा मोइली  
टॉप न्यूज़

कांग्रेस नेताओं ने रोकी थी मोदी-शाह के खिलाफ जांच : मोइली

दावा : शाह की गिरफ्तारी के बाद मोदी की बारी होती

Ravi

बेंगलुरू : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरप्पा मोइली ने दावा किया है कि उनकी अपनी ही पार्टी के कुछ नेताओं ने उस जांच को रोक दिया था, जिसके चलते गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को जेल जाना पड़ सकता था और उन्हें अपना गृह राज्य छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ सकता था।

मई 2009 से मई 2011 तक केंद्रीय कानून मंत्री रहे मोइली ने कहा कि मोदी का भी वही हाल होता, जो गुजरात के तत्कालीन गृहमंत्री का हुआ था। उन्हें राज्य से बाहर रहने के लिए मजबूर किया गया था और जेल भी भेजा गया था।

मोइली ने बुधवार को बेंगलुरू में पार्टी कार्यालय में सोनिया गांधी की संस्मरण पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन के बाद कहा कि सोहराबुद्दीन शेख फर्जी मुठभेड़ मामले में शाह सबसे पहले ऐसे नेता थे, जिन्हें राज्य से बाहर रहने के लिए मजबूर किया गया और जेल जाना पड़ा। वे 2010 में करीब तीन महीने जेल में रहे थे।

उन्होंने कहा कि मैं अभी इस बारे में विस्तार से नहीं बताऊंगा, लेकिन कांग्रेस के भीतर मोदी के खिलाफ जांच और पड़ताल हमारी अपनी सरकार ने रोक दी थी। इसकी वजह (तत्कालीन प्रधानमंत्री) मनमोहन सिंह नहीं थे, बल्कि कुछ दूसरे नेता थे।

मोइली के दावे से साफ हो गया : भाजपा

मोइली के इस दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा ने गुरुवार को कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री के बयानों से यह साफ हो गया है कि कांग्रेस ने गुजरात में अपने शासन के दौरान मोदी और शाह को ‘फंसाने’ की कोशिश की थी।

उस समय दोनों भाजपा नेताओं पर लगाये गये सभी आरोप ‘राजनीति से प्रेरित’थे। भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस के शासन के दौरान न्यायिक प्रक्रियाओं को ‘पूरी तरह से दरकिनार’ कर दिया गया था।

SCROLL FOR NEXT