कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद  
टॉप न्यूज़

राजग सरकार की विदेश नीति से कांग्रेस की कुछ असहमतियां : खुर्शीद

‘भारत समिट’ का उद्देश्य वैश्विक संबंधों को लेकर पार्टी के दृष्टिकोण को प्रस्तुत करना है

Ravi

हैदराबाद : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने बुधवार को कहा कि पार्टी को भाजपा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की विदेश नीति से कुछ स्पष्ट असहमतियां हैं और आरोप लगाया कि उसमें नैतिकता, मूल्यों और दूरदृष्टि का अभाव है।

कांग्रेस के विदेश मामलों के विभाग प्रमुख खुर्शीद ने कहा कि 13 और 14 नवंबर को हैदराबाद में आयोजित होने वाले ‘भारत समिट’ का उद्देश्य वैश्विक संबंधों को लेकर पार्टी के दृष्टिकोण को प्रस्तुत करना है। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि बेशक हाल के वर्षों में मौजूदा सरकार ने जिस विदेश नीति को आगे बढ़ाया है, उसे लेकर हमारी अपनी कुछ बेहद स्पष्ट असहमतियां हैं।

खुर्शीद ने कहा कि पार्टी की विदेश नीति संबंधी सोच गुटनिरपेक्षता के उस विचार में गहराई से निहित है, जिसे महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने हमें और दुनिया को दिया। उन्होंने कहा कि समावेशिता और प्रगति, विकास तथा मानव गरिमा का व्यापक दृष्टिकोण हमारी विदेश नीति का हिस्सा है। नैतिकता, मूल्य और दूरदृष्टि हमारी विदेश नीति के महत्वपूर्ण अंग रहे हैं और हमें लगता है कि अब इनका अभाव है।

खुर्शीद ने कहा कि कांग्रेस ऐसे समय में इस आयोजन की मेजबानी करने के लिए उपयुक्त स्थिति में है, जब धुर दक्षिणपंथी विचारधारा, जिसका पार्टी विरोध करती है, और उदारवादी दुनिया के बीच सीधा टकराव चल रहा है।

उन्होंने कहा कि उदारवादी दुनिया का प्रतिनिधित्व दुनियाभर के प्रगतिशील आंदोलनों और राजनीतिक दलों द्वारा किया जाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सम्मेलन एक स्थायी आयोजन बन जायेगा। बदलती भू-राजनीतिक परिस्थितियों के बीच कांग्रेस 70 देशों के नेताओं, नीति निर्माताओं, शिक्षाविदों, कारोबारी प्रतिनिधियों और नागरिक संस्थाओं के सदस्यों की मेजबानी करेगी।

SCROLL FOR NEXT