आपसी झड़प में घायल एक कांग्रेसी कार्यकर्ता मीडिया से बात करते हुए। 
टॉप न्यूज़

टिकट बंटवारे पर कांग्रेस दफ्तर में सिर-फुटव्वल

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के चयन को लेकर बुधवार को यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़क गई, जिसमें कम से कम एक पार्टी कार्यकर्ता घायल हो गया।

कोलकाताः पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के चयन को लेकर बुधवार को यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़क गई, जिसमें कम से कम एक पार्टी कार्यकर्ता घायल हो गया। यह सब तब शुरू हुआ जब नाराज पार्टी कार्यकर्ताओं ने ‘बाहरी’ उम्मीदवारों की उम्मीदवारी रद्द करने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया, जो जल्द ही प्रतिद्वंद्वी गुटों के बीच झड़प में बदल गया।

उनकी मुख्य शिकायत पूर्व प्रदेश पार्टी अध्यक्ष सोमेन मित्रा के बेटे रोहन मित्रा को बल्लीगंज विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाये जाने को लेकर थी। प्रदर्शनकारियों का दावा था कि जायद हुसैन को पहले इस सीट से टिकट का आश्वासन दिया गया था, लेकिन बाद में उन्हें टिकट नहीं दिया गया। उत्तेजित कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व ने विधानसभा चुनाव के लिए ‘टिकट बेचे’ हैं। इस आरोप वाले पोस्टर पार्टी मुख्यालय में लगाए गए।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पुलिस के सामने ही तीखी बहस हाथापाई में तब्दील हो गई और कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इस झड़प के दौरान कथित तौर पर एक रॉड से हमला किए जाने पर एक कांग्रेस कार्यकर्ता के सिर में चोट आई। कुछ प्रदर्शनकारी सड़क पर धरने पर बैठ गये और उन्होंने नारे लगाते हुए हिंसा में शामिल लोगों की गिरफ्तारी की मांग की।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पार्टी कार्यकर्ताओं के एक वर्ग ने युवा कांग्रेस नेता काशिफ रजा पर अशांति फैलाने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि रजा ने अपने समर्थकों को भेजा था जिन्होंने मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं पर हमला किया। झड़प के दौरान महिला पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार के आरोप भी लगे। बताया जाता है कि एक महिला कार्यकर्ता हाथापाई के दौरान बेहोश हो गई। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद स्थिति तनावपूर्ण बनी रही और सुरक्षाकर्मियों के सामने झड़पें और बहसें जारी रहीं।

कई जगहों से हंगामे की खबर

कांग्रेस द्वारा रविवार को 284 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा किये जाने के बाद से कई जिलों में प्रत्याशी चयन को लेकर असंतोष सामने आया है। अमता, बगनान, श्यामपुर, उलुबेरिया दक्षिण और उलुबेरिया पूर्व जैसे निर्वाचन क्षेत्रों से विरोध प्रदर्शन की खबरें आ रही हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक असित मित्रा ने भी उम्मीदवार चयन पर असंतोष व्यक्त किया।

उन्होंने कहा, “उम्मीदवार का चयन स्थानीय कार्यकर्ताओं को रास नहीं आया है। उनकी भावनाओं को ध्यान में रखा जाना चाहिए था। उम्मीदवारों का चयन करते समय जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं की अनदेखी करने से संगठन कमजोर होगा और चुनाव में पार्टी की संभावनाओं पर असर पड़ेगा।”

पूर्व बर्दवान जिले में, आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ की और इसी तरह की शिकायतों को लेकर जिला कांग्रेस कार्यालय के ताले तोड़ दिए। कलकाता में ‘बाहरी’ उम्मीदवारों को बदलने की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय में तोड़फोड़ की।

SCROLL FOR NEXT