सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल सरकार ने बांग्ला फिल्मों के महान अभिनेता उत्तम कुमार की जन्म शताब्दी के अवसर पर सालभर चलने वाले समारोहों के प्रबंधन के लिए एक उच्चस्तरीय सलाहकार समिति का गठन किया है, जिसके मुख्य संरक्षक मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी होंगे। एक आधिकारिक अधिसूचना में कहा गया है कि दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती और सूचना एवं सांस्कृतिक मामलों की राज्य मंत्री पूर्णिमा चक्रवर्ती को समिति का सह-संरक्षक नियुक्त किया गया है। फिल्मकार संदीप रे को समिति का अध्यक्ष जबकि अभिनेता प्रसेनजीत चटर्जी को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। राज्य के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि सूचना एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग के सचिव सौमित्र मोहन समिति के सदस्य-सचिव के रूप में काम करेंगे और सालभर चलने वाले कार्यक्रमों की योजना तथा उनके क्रियान्वयन का समन्वय करेंगे।
अधिसूचना के अनुसार समिति में बांग्ला फिल्मों के अभिनेता जीत, देव, अबीर चटर्जी, जीशु सेनगुप्ता, ऋतुपर्णा सेनगुप्ता, रुद्रनील घोष, रूपा गांगुली और गौरव चटर्जी के अलावा प्रमुख फिल्मकार श्रीजीत मुखर्जी और कौशिक गांगुली सहित अन्य हस्तियों को शामिल किया गया है। राज्य सरकार अगले एक साल के दौरान उत्तम कुमार के जीवन और योगदान को याद करने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बना रही है। इनमें फिल्म महोत्सव, उत्तम कुमार की फिल्मों का विशेष प्रदर्शन, संगोष्ठियां, प्रदर्शनियां, स्मारक ग्रंथों का प्रकाशन और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल होंगे।