अशोकनगर के बाईगाछी तेल क्षेत्र से हल्दीया रिफाइनरी के लिए रवाना हुएकच्चे तेल से भरे पहले टैंकर को हरी झंडी दिखाते स्थानीय विधायक डॉ. सुमय हीरा और ओएनजीसी के निदेशक (अन्वेषण) ओम प्रकाश सिन्हा व अन्य अधिकारी REP
टॉप न्यूज़

अशोकनगर में वाणिज्यिक तेल उत्पादन शुरू

बंगाल के औद्योगिक मानचित्र पर बड़े बदलाव की संभावना,1200 लीटर क्रूड ऑयल लेकर हल्दीया के लिए रवाना हुआ पहला टैंकर

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बारासात : उत्तर 24 परगना जिला अंतर्गत अशोकनगर के बाईगाछी स्थित तेल क्षेत्र से शुक्रवार को क्रूड ऑयल (अपरिष्कृत तेल) का वाणिज्यिक उत्पादन और परिवहन आधिकारिक रूप से शुरू हो गया। ओएनजीसी (ONGC) ने 1200 लीटर कच्चे तेल से भरे पहले टैंकर को हल्दीया रिफाइनरी के लिए रवाना किया। स्थानीय विधायक डॉ. सुमय हीरा ने ओएनजीसी के निदेशक (अन्वेषण) ओम प्रकाश सिन्हा और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में नारियल फोड़कर और हरी झंडी दिखाकर इस ऐतिहासिक यात्रा का शुभारंभ किया। बाईगाछी में सबसे पहले वर्ष 2018 में तेल की मौजूदगी का पता चला था। इसके बाद 2020 में किए गए प्रायोगिक परीक्षण के दौरान रोजाना लगभग 375 बैरल कच्चा तेल निकला था, जिसे विशेषज्ञों ने गुणवत्ता के मामले में 'बॉम्बे हाई' के समान माना था। हालांकि, शुरुआती चरण में एक कुएं से उत्पादन तकनीकी समस्याओं के कारण बाधित हो गया था, जिसे अब सफलतापूर्वक दुरुस्त कर लिया गया है। फिलहाल कुएं से पानी मिला हुआ तेल निकाला जा रहा है, जिसे सेपरेटर और एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट के जरिए रिफाइनरी भेजने योग्य बनाया जाता है।

दैनिक उत्पादन में होगी बढ़ोतरी, 5 से 6 नए कुएं खोदने की तैयारी

ओएनजीसी अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में यहां से प्रतिदिन लगभग 20 क्यूबिक मीटर क्रूड ऑयल निकाला जा रहा है। निदेशक ओम प्रकाश सिन्हा ने बताया कि अशोकनगर क्षेत्र में उम्मीद से अधिक तेल का भंडार मौजूद है और जल्द ही 5 से 6 नए कुएं खोदने की योजना है। विधायक सुमय हीरा ने कहा कि रोजाना 1 से 2 टैंकर तेल हल्दीया भेजने का लक्ष्य है, जिससे भविष्य में क्षेत्र का विस्तार होने पर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

SCROLL FOR NEXT